Ayodhya : अयोध्या के श्री राम जन्मभूमि मंदिर के प्रमुख पुजारी आचार्य सत्येंद्र दास की तबीयत रविवार शाम करीब 7 बजे अचानक बिगड़ गई। उन्हें हाई ब्लड प्रेशर की शिकायत के कारण अयोध्या के श्री राम हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें सिटी न्यूरो केयर हॉस्पिटल रेफर कर दिया, लेकिन वहां भी उनकी स्थिति में सुधार नहीं हुआ।
इसके बाद उन्हें लखनऊ स्थित पीजीआई भेज दिया गया, जहां उनका इलाज जारी है। आज एसजीपीजीआई की ओर से उनका स्वास्थ्य बुलेटिन जारी किया गया है। बीते 30 वर्षों से राम जन्मभूमि के मुख्य पुजारी रहे आचार्य सत्येंद्र दास को रविवार रात लखनऊ रेफर किया गया था। उनके सहयोगी पुजारियों ने निजी वाहन से उन्हें वहां पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की एक विशेष टीम उनका इलाज कर रही है।
चिकित्सकों के अनुसार, फिलहाल उनकी स्थिति स्थिर बनी हुई है, लेकिन ज्यादा सुधार देखने को नहीं मिला है। डॉक्टरों ने यह भी बताया कि आचार्य को डायबिटीज और हाई ब्लड प्रेशर की समस्या पहले से थी, और अब उनका इलाज न्यूरोलॉजी डिपार्टमेंट में किया जा रहा है।
एसजीपीजीआई के डॉक्टरों के अनुसार, आचार्य सत्येंद्र दास को ब्रेन स्ट्रोक आया था, लेकिन वह डॉक्टरों के निर्देशों का पालन कर रहे हैं और प्रतिक्रिया भी दे रहे हैं। हालांकि, उनकी स्थिति अभी भी गंभीर बनी हुई है। इस बीच, अयोध्या में साधु-संतों ने उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए प्रार्थनाएं की हैं।
ये भी पढ़ें : Mahakumbh 2025 : भूटान के नरेश संगम में करेंगे स्नान, सीएम योगी भी होंगे मौजूद
रविवार शाम जब उनकी तबीयत बिगड़ी, तो उन्हें तत्काल अयोध्या के श्री राम हॉस्पिटल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने शुरुआती उपचार के बाद उन्हें सिटी न्यूरो केयर हॉस्पिटल रेफर कर दिया। वहां उनकी सीटी स्कैन की गई, जिसमें ब्रेन हेमरेज की पुष्टि हुई। डॉ. अरुण कुमार सिंह के अनुसार, स्थिति गंभीर होने के कारण बेहतर इलाज के लिए उन्हें लखनऊ रेफर करना पड़ा।