राजनीति

अपना यूपी

क्राइम

बड़ी खबर

स्पोर्ट्स

वेब स्टोरीज

खबर

Delhi News: यमुना का जलस्तर चेतावनी के करीब, हथिनी कुंड से आई पानी की लहर

by | Jul 24, 2025 | ट्रेंडिंग, देश, बड़ी खबर, मुख्य खबरें

Delhi News: यमुना नदी का जल स्तर राजधानी में चेतावनी के निशान के पास पहुंच गया है। आपको बता दें कि हथिनी कुंड से प्रवाह में तेजी आई है और दिल्ली में यमुना नदी का जल स्तर पिछले 24 घंटों में लगभग दो मीटर बढ़ गया है, जिससे यह चेतावनी स्तर 204.5 मीटर के करीब पहुँच गया है। बुधवार शाम 5 बजे नदी का जल स्तर 204.13 मीटर दर्ज किया गया, जो एक घंटे बाद थोड़ी कमी के साथ 204.08 मीटर पर पहुँच गया।

इसकी तुलना में मंगलवार शाम 5 बजे यमुना का जल स्तर 202.24 मीटर था। जल संसाधन विभाग के अनुसार, इस वृद्धि का प्रमुख कारण हरियाणा के हथिनी कुंड बैराज से पानी की बढ़ती आवक है। सोमवार रात इस बैराज से इस मानसून में पहली बार 50,000 क्यूसेक से ज्यादा पानी छोड़ा गया, जो मंगलवार तड़के 1 बजे तक 54,707 क्यूसेक तक पहुँच गया। सामान्यतः वहां से छोड़े गए पानी का प्रभाव दिल्ली में लगभग 48 घंटों के भीतर महसूस होता है।

दक्षिण एशिया नेटवर्क ऑन डैम्स, रिवर्स एंड पीपल (SANDRP) के सदस्य और यमुना कार्यकर्ता भीम सिंह रावत के अनुसार, यह जलप्रवाह ‘वार्षिक फ्लशिंग’ प्रक्रिया का हिस्सा है, जिससे नदी की जल गुणवत्ता में स्वाभाविक रूप से सुधार होता है। उन्होंने कहा कि जलस्तर में मामूली गिरावट संभव है, लेकिन ऊपरी इलाकों में बारिश के चलते इसमें उतार-चढ़ाव बना रहेगा। आमतौर पर अगस्त या सितंबर में यमुना में अधिकतम बाढ़ स्तर दर्ज किए जाते हैं।

2024 में यमुना 204.38 मीटर तक पहुंची थी, जबकि 2023 में इसने खतरे के स्तर 205.33 मीटर को पार कर 208.66 मीटर का रिकॉर्ड बनाया था। उस वर्ष बैराज से 359,760 क्यूसेक पानी छोड़ा गया था, जिससे दिल्ली के कई इलाके जैसे मयूर विहार, आईटीओ, सलीमगढ़ बाईपास और सिविल लाइंस जलमग्न हो गए थे और 23,000 से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया था।

जल स्तर में संभावित वृद्धि को ध्यान में रखते हुए, सिंचाई और बाढ़ नियंत्रण (I&FC) विभाग पहले ही बाढ़ नियंत्रण आदेश जारी कर चुका है। आदेश के अनुसार, यदि हथिनी कुंड से जलप्रवाह 100,000 क्यूसेक से ऊपर जाता है, तो केंद्रीय बाढ़ नियंत्रण कक्ष पहली चेतावनी जारी करेगा। इसके बाद क्षेत्रीय नियंत्रण कक्ष सक्रिय हो जाएंगे और अपने-अपने क्षेत्रों में निगरानी करेंगे।

साथ ही नावों को संवेदनशील स्थानों पर तैनात किया जाएगा। फिलहाल, यमुना ने चेतावनी स्तर पार नहीं किया है, इसलिए कोई नई चेतावनी जारी नहीं की गई है। पिछले 63 वर्षों में यमुना 53 बार चेतावनी स्तर को पार कर चुकी है, जिनमें से 43 बार यह 205 मीटर, 14 बार 206 मीटर और चार बार 207 मीटर से ऊपर गई है।

ये भी पढ़ें : Fact Check: कहीं आपने भी तो नहीं मान ली ये झूठी खबर? फैक्ट चेक से सामने आया सच, समोसा-जलेबी-लड्डू पर कोई…!

ये भी देखें : UP News: एक जिला, एक मेडिकल कॉलेज पर क्या बोले CM योगी?, सुनिए क्या कहा!

हमारी इंटर्न सुनिधि सिंह द्वारा लिखित

अपना यूपी

क्राइम

आपका जिला

वीडियो

ट्रेंडिंग

बड़ी खबर