Mahakumbh : महाकुंभ में बड़े औद्योगिक घरानों का आना जारी है। मंगलवार को रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर मुकेश अंबानी अपनी मां कोकिला बेन अंबानी, पत्नी नीता अंबानी, बेटों और बहुओं के साथ प्रयागराज पहुंचे। उनके साथ 30 सदस्यों की एक टीम भी मौजूद थी। पूरा परिवार दोपहर तीन बजे छह चार्टर प्लेन से प्रयागराज एयरपोर्ट पहुंचा। शाम पांच बजे सभी ने त्रिवेणी संगम में पवित्र स्नान किया। इसके बाद वे सेक्टर नौ में स्थित निरंजनी पीठाधीश्वर स्वामी कैलाशानंद गिरि के शिविर में भोजन सेवा कार्यक्रम में शामिल हुए। स्वामी कैलाशानंद ने बताया कि उनके शिविर में रिलायंस इंडस्ट्रीज के सहयोग से भंडारे का आयोजन किया जा रहा है।
महाकुंभ पहुंचने के बाद अंबानी परिवार ने संगम में नौका विहार का आनंद लिया। प्रयागराज पहुंचने के तुरंत बाद वे सीधे त्रिवेणी संगम के लिए रवाना हो गए। उनके साथ आए 30 सदस्यीय दल ने भी इस धार्मिक यात्रा में भाग लिया। स्वामी कैलाशानंद ने बताया कि मुकेश अंबानी श्रद्धालुओं को भोजन परोसने के साथ-साथ नाविकों और सफाईकर्मियों को उपहार भी देंगे। यहां वे साधु-संतों के साथ कुछ समय बिताने के बाद वापस लौट जाएंगे।
ये भी देखेंं : Manipur CM के इस्तीफे पर Jairam Ramesh ने Amit Shah पर साधा निशाना
महाकुंभ मेले में श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है। मंगलवार को संगम में स्नान करने वाले साधु-संतों, कल्पवासियों और आम भक्तों की संख्या 45 करोड़ के पार पहुंच गई। सरकारी आंकड़ों के अनुसार, मंगलवार दोपहर 12 बजे तक 10 लाख कल्पवासियों सहित कुल 81.60 लाख लोगों ने स्नान किया। 13 फरवरी से अब तक कुल 45.58 करोड़ से अधिक श्रद्धालु संगम में स्नान कर चुके हैं।
मंगलवार सुबह 8 बजे तक ही 45 करोड़ स्नानार्थियों की संख्या पार हो चुकी थी। सुबह तक 50 लाख से अधिक श्रद्धालु त्रिवेणी संगम में डुबकी लगा चुके थे। संभावना जताई जा रही है कि यह संख्या 50-55 करोड़ से भी अधिक हो सकती है। सबसे अधिक 8 करोड़ श्रद्धालुओं ने मौनी अमावस्या पर स्नान किया था, जबकि 3.5 करोड़ लोगों ने मकर संक्रांति के दिन अमृत स्नान किया था। इसके अलावा, बसंत पंचमी पर 2.57 करोड़ श्रद्धालुओं ने पवित्र स्नान किया। माघ पूर्णिमा से पहले भी प्रतिदिन संगम तट पर एक करोड़ से अधिक श्रद्धालु स्नान करने आ रहे हैं।