PM Modi America Visit : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अमेरिका दौरे पर एक महत्वपूर्ण सफलता हासिल हुई है। अमेरिका ने भारतीय संस्कृति से जुड़ी 297 नायाब वस्तुओं को लौटाया है जो तस्करी के जरिए देश से बाहर चली गई थीं। यह चोरी और तस्करी की समस्या भारत के लिए लंबे समय से चिंता का विषय रही है। 2014 के बाद से भारत को विदेशों से लगभग 640 धरोहरें वापस मिली हैं।
मोदी ने राष्ट्रपति बाइडेन का आभार व्यक्त करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि अवैध तस्करी के खिलाफ यह लड़ाई सांस्कृतिक संबंधों को भी मजबूत कर रही है। उन्होंने 297 कलाकृतियों को लौटाने के लिए अमेरिका सरकार का धन्यवाद किया। इससे पहले भी पीएम मोदी के अमेरिका दौरे के दौरान कई प्राचीन वस्तुएं भारत को लौटाई गई थीं।
2021 में पीएम मोदी के दौरे पर उन्हें 157 वस्तुएं मिली थीं जिसमें 12वीं शताब्दी की नटराज की मूर्ति शामिल थी। 2023 में मोदी के दौरे के बाद अमेरिका ने 105 वस्तुएं लौटाईं जिससे अब तक अमेरिका से भारत को 578 प्राचीन वस्तुएं वापस मिल चुकी हैं।
ये भी देखें : CM Chandrababu Naidu ने YSRCP सरकार पर लगाया बड़ा आरोप
अमेरिका के अलावा यूके से 16 और ऑस्ट्रेलिया से 14 कलाकृतियां भी वापस प्राप्त की गई हैं। 2004 से 2013 के बीच केवल एक कलाकृति भारत को विदेश से वापस मिली थी। जुलाई 2024 में नई दिल्ली में अमेरिका और भारत के बीच कल्चरल प्रॉपर्टी अग्रीमेंट पर हस्ताक्षर किए गए थे जिसके तहत सांस्कृतिक वस्तुओं की अवैध तस्करी पर रोक लगाने के प्रयास किए जाएंगे।
पिछले 10 साल से भारत ने अपने प्राचीन ‘खजाने’ को वापस पाने के लिए सार्थक प्रयास किए हैं, और अब इसके प्रभाव भी दिखाई दे रहे हैं। सूत्रों के अनुसार वैश्विक नेताओं के साथ पीएम मोदी के व्यक्तिगत संबंधों ने भारत की धरोहर को वापस लाने में मदद की है। ये तस्करी के जरिए विदेश पहुंची कलाकृतियां और मूर्तियां भारत की प्राचीन संस्कृति का अहम हिस्सा हैं।