शाहरुख खान के साथ कई मूवी में काम कर चुकी जूही चावला ने कहा है कि एक वक्त ऐसा भी था जब शाहरुख के पास EMI देने के पैसे नहीं थे। उन्होंने कहा कि EMI नहीं दे पाने के कारण उस वक्त शाहरुख की जिप्सी कार चली गई थी। इस दौरान जूही चावला ने शाहरुख खान के स्ट्रगल दिनों को याद किया और बताया कि कैसे मुंबई में घर न होने के बाद भी एक्टर रोज दो-तीन शिफ्टों में काम करते थे।
बता दें कि शाहरुख और जूही चावला लंबे समय से एक दूसरे को जानते हैं दोनों ना सिर्फ कई मूवी में काम कर चुके हैं बल्कि आज की तारीख में दोनों अच्छे बिजनेस पार्टनर हैं। शाहरुख खान की IPL टीम KKR में जूही चावला का भी हिस्सा है और वो भी देखाई देती हैं।
उस वक्त शाहरुख दो-तीन शिफ्ट तक करते थे
गुजरात चेंबर ऑफ कॉर्मस एंड इंडस्ट्री के एक इवेंट के दौरान जूही ने शाहरुख खान के बारे में बात करते हुए कहा-‘मुझे याद है वो दिन जब मुंबई में शाहरुख के पास घर नहीं था। दिल्ली से आने के बाद उन्हें नहीं पता था वो कहां रहे। ऐसे में वो चाय भी फिल्म यूनिट के साथ पीते थे, खाना भी फिल्म क्रू के साथ खाते थे इससे वो सब के साथ जल्दी घुल मिल जाते थे।
‘उस वक्त शाहरुख दो-तीन शिफ्ट तक करते थे। एक तरफ जहां शाहरुख मेरे साथ 1992 में राजू बन गया जेंटलमेन कर रहे थे तो दूसरी तरफ उसी समय दिल आशना है कर रहे थे। साथ ही उसी दौरान दिव्या भारती के साथ दीवाना की शूटिंग भी कर रहे थे।
EMI नहीं देने के कारण जिप्सी चली गई
बता दें कि इसी दौरान जूही चावला ने शाहरुख की कार चले जाने का किस्सा सुनाया। जूही चावला ने कहा- ‘उस वक्त शाहरुख खान के पास एक ब्लैक जिप्सी हुआ करती थी। पर एक दिन EMI नहीं देने के कारण जिप्सी चली गई या कुछ ऐसा ही हुआ था। उस दौरान शाहरुख बड़ी निराशा के साथ सेट पर आए, उस दौरान मैंने उनसे कहा था कि चिंता मत करो, तुम्हारे पास एक दिन ऐसी कई कारें होंगी। शाहरुख को ये बात आज भी याद है क्योंकि ये सच हुआ, आप उन्हें आज देखिए वो कहां पहुंच गए है।
रेड चिलीज के नाम से शाहरुख ने स्टूडियो शुरू किया
शाहरुख और जूही ने यश चोपड़ा की फिल्म डर, महेश भट्ट की डुप्लीकेट, राजीव मेहरा की राम जाने, अजीज मिर्जा की फिर भी दिल है हिंदुस्तानी और वन 2 का 4 जैसी फिल्मों में साथ काम किया है। ड्रीम्ज अनलिमिटेड नाम से दोनों ने साथ मिलकर अजीज मिर्जा के साथ 2000 में एक प्रोडक्शन हाउस भी खोला। बाद में शाहरुख खान ने रेड चिलीज के नाम से खुद का स्टूडियो शुरू किया। शाहरुख खान की आने वाली अगली फिल्म किंग होगी वहीं जूही को हाल में ही द रेलवे मैन में देखा गया था।


