DGP UP : आईपीएस प्रशांत कुमार को उत्तर प्रदेश का नया कार्यवाहक डीजीपी (DGP UP) नियुक्त किया गया है। वह पहले स्पेशल डीजीपी के पद पर कार्यरत थे। वर्तमान डीजीपी विजय कुमार 31 जनवरी 2024 को सेवानिवृत्त होने वाले हैं। आईपीएस प्रशांत कुमार की कार्यवाहक डीजीपी के रूप में नियुक्ति के साथ यह लगातार चौथी बार है कि उत्तर प्रदेश में कार्यवाहक डीजीपी नियुक्त किया गया है। आईपीएस प्रशांत कुमार के अलावा डीजीपी पद के लिए अन्य दावेदारों में डीजीपी सीबीआई सीआईडी आनंद कुमार, डीजीपी जेल एसएन साबत और डीजीपी भर्ती बोर्ड रेणुका मिश्रा शामिल थे।
21 महीनों से कार्यवाहक डीजीपी का सहारा
गौरतलब है कि इससे पहले डीएस चौहान, आरके विश्वकर्मा और विजय कुमार लगातार राज्य में कार्यवाहक डीजीपी के पद पर रह चुके हैं। पिछले 21 महीनों से प्रदेश पुलिस कार्यवाहक डीजीपी के सहारे काम कर रही है। 31 जनवरी को डीजीपी विजय कुमार और डीजीपी मानवाधिकार एसके माथुर रिटायर हो जायेंगे। विजय कुमार विजिलेंस के डीजीपी भी हैं इसलिए उनके रिटायरमेंट के बाद विजिलेंस को भी नया मुखिया मिल जाएगा। इस बीच एडीजी लॉ एंड ऑर्डर के पद पर नये अधिकारी की नियुक्ति की उम्मीद है।
ये भी देखें : Budget 2024 : ‘GYAN’ बजट 2024-2025 में महिलाओं के लिए क्या कुछ होगा खास ?
अखिलेश यादव ने उठाए सवाल
यूपी में डीजीपी की नियुक्ति को लेकर अखिलेश यादव ने ट्वीट कर कहा है कि लगता है एक बार फिर उप्र को कार्यवाहक डीजीपी मिलने वाला है। जनता पूछ रही है कि हर बार कार्यवाहक डीजीपी बनाने का खेल दिल्ली-लखनऊ के झगड़े की वजह से हो रहा है या फिर अपराधियों के संग सत्ता की साँठगाँठ के कारण।


