Ram Lala Darshan : 22 जनवरी को रामलला प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम के दौरान उत्तर प्रदेश के सभी विधायकों को आमंत्रित नहीं किया गया था। अब विधानसभा सत्र को लेकर हुई बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विधानसभा अध्यक्ष के सामने सभी दलों के विधायकों को रामलला के दर्शन (Ram Lala Darshan) के लिए अयोध्या ले जाने का प्रस्ताव रखा। विभिन्न दलों के लगभग सभी राजनीतिक प्रतिनिधियों ने इस प्रस्ताव पर सहमति व्यक्त की और रामलला के दर्शन करने के लिए एक साथ अयोध्या जाने की इच्छा व्यक्त की।
सभी ने स्वीकार किया प्रस्ताव
उत्तर प्रदेश में बजट सत्र से पहले हुई पहली सर्वदलीय बैठक में सत्र की शुरुआत में विधान सभा अध्यक्ष सतीश महाना ने विधान सभा नेता सदन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ रामलला मंदिर का प्रसाद वितरित किया। इसके साथ ही उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष के सामने सभी विधायकों को एक साथ दर्शन के लिए अयोध्या ले जाने का प्रस्ताव रखा। इस प्रस्ताव को सुनने के बाद ज्यादातर दलों के प्रतिनिधियों ने इसे दिल से स्वीकार कर लिया और राजनीति से ऊपर उठकर सामूहिक रूप से अयोध्या के दौरे पर जाने को तैयार हो गये।
सपा नेता ने लिखा था पत्र
पिछले दिनों समाजवादी पार्टी के अमेठी के गौरीगंज से विधायक राकेश सिंह ने भी विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना को पत्र लिखकर अपने नेतृत्व में सभी विधायकों को रामलला के दर्शन के लिए अयोध्या ले जाने का प्रस्ताव दिया था। यूपी विधानसभा का बजट सत्र आज 2 फरवरी से शुरू होगा और 12 फरवरी तक चलेगा। इस दौरान 5 फरवरी को यूपी के वित्त मंत्री सुरेश खन्ना योगी सरकार 2.0 का तीसरा बजट पेश करेंगे। यह देखना दिलचस्प होगा कि विधानसभा में मौजूदा 401 विधायकों में से कितने विधायक 12 फरवरी के बाद राजनीति से ऊपर उठकर रामलला के दर्शन के लिए सामूहिक रूप से अयोध्या जाते हैं।


