UP Budget : उत्तर प्रदेश के वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने सोमवार 5 फरवरी को वित्तीय वर्ष 2024-25 के लिए बजट पेश (UP Budget) किया। यह योगी सरकार का आठवां बजट है और यह राज्य के इतिहास में सबसे बड़ा है जिसकी राशि 7,36,437.71 रुपये करोड़ है। हालांकि बसपा सुप्रीमो मायावती ने व्यापक जन कल्याण और विकास के बजाय पार्टी के चुनावी हितों पर बजट के फोकस को लेकर संशय जताया है। मायावती ने उचित मूल्यांकन की आवश्यकता पर बल देते हुए सवाल किया कि क्या सरकार ने विकास से संबंधित अपने सभी वादे पूरे किए हैं।
मायावती ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया कि उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा आज सदन में पेश वर्ष 2024-25 का बजट पार्टी के चुनावी हित का ज्यादा व व्यापक जनहित एवं जनकल्याण का कम लगता है. सरकार की विभिन्न घोषणाएं, वादे और दावे अपनी जगह, किन्तु क्या विकास सम्बंधी सरकार के पिछले सारे वादे पूरे हो गये हैं, इसका भी मूल्यांकन जरूरी।
पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने आगे लिखा कि यूपी सरकार सर्वसमाज के हित, विकास व कानून-व्यवस्था के सम्बंध में जितने भी दावे और वादे बजट में करती है उसका सही से अनुपालन जरूरी तभी राज्य के लोगों की अपार गरीबी, बेरोजगारी व पिछड़ापन आदि दूर हो पाएगा, जिसका फिर सीधा प्रभाव देश के विकास व यहाँ के लोगों की उन्नति पर पड़ेगा।
गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश सरकार के 2024-25 के बजट में विभिन्न प्रमुख योजनाओं के लिए आवंटन शामिल हैं: सर्व शिक्षा अभियान (21,310 करोड़ रुपये), पेंशन (सामाजिक क्षेत्र) (12,620 करोड़ रुपये), जल जीवन मिशन (22,000 करोड़ रुपये), मनरेगा (5,060 करोड़ रुपये), राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (3,695 करोड़ रुपये), पीएम ग्राम सड़क योजना (3,668 करोड़ रुपये), पीएम आवास योजना (ग्रामीण) (2,441 करोड़ रुपये), पीएम आवास योजना (शहरी) (3,948 करोड़ रुपये), स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) (4,867 करोड़ रुपये), स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) (2,708 करोड़ रुपये), एकीकृत बाल विकास योजना (5,129 करोड़ रुपये), और AMRUT 2.0 के लिए 4,500 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं।


