Rajya Sabha : 2024 के लोकसभा चुनाव से ठीक पहले उत्तर प्रदेश से राज्यसभा (Rajya Sabha) की 10 सीटें खाली हो रही हैं जिससे एक बार फिर सीटों को लेकर बीजेपी और समाजवादी पार्टी के बीच सीधी टक्कर देखने को मिल सकती है। हालांकि संख्या के हिसाब से दोनों पार्टियों के फिलहाल सात और तीन सांसद जीतने की उम्मीद है। इस बीच बीजेपी ने 7 राज्यसभा सीटों के लिए 35 नामों का पैनल तैयार किया है। कुमार विश्वास को लेकर भी चर्चा है जबकि सुधांशु त्रिवेदी को दोबारा राज्यसभा भेजने का प्रस्ताव है।
सात सीटें जीतने की तैयारी
सोमवार शाम मुख्यमंत्री आवास पर बीजेपी की कोर कमेटी की बैठक हुई, जिसमें उत्तर प्रदेश से राज्यसभा भेजे जाने वाले नामों को लेकर चर्चा हुई। बीजेपी ने सात सीटों के लिए 35 उम्मीदवारों का पैनल तैयार किया है जिसमें दोबारा चुनाव के लिए सुधांशु त्रिवेदी का नाम भी शामिल है। वहीं पैनल में कुमार विश्वास का नाम भी शामिल करने की चर्चा है। हालाँकि अभी तक इसकी पुष्टि नहीं हुई है।
ये भी देखें : Basti Accident: बस्ती जिले में Highway पर परसा हज्जाम के पास भीषण सड़क हादसा
कुमार विश्वास के नाम की चर्चा
उत्तर प्रदेश के सियासी गलियारों में कुमार विश्वास के गाजियाबाद से चुनाव लड़ने की भी अटकलें चल रही हैं। अब उन्हें राज्यसभा भेजा जाएगा या लोकसभा चुनाव लड़ाया जाएगा ये तो आने वाला समय ही बता सकता है। उत्तर प्रदेश से दस राज्यसभा सीटें खाली हो रही हैं जिनमें से सात सीटें बीजेपी के खाते में जाएंगी, जबकि तीन सीटें समाजवादी पार्टी के खाते में जाएंगी। माना जा रहा है कि बीजेपी को 7 और समाजवादी पार्टी को दो सीटें जरूर मिलेंगी।
बीजेपी आठ सीटें जीतने की करेगी कोशिश
तीसरी सीट भी समाजवादी पार्टी जीत सकती है। हालाँकि, बीजेपी तीसरी सीट के लिए चुनाव लड़ सकती है यानी वह अपना आठवां उम्मीदवार उतार सकती है। मुख्यमंत्री आवास पर हुई इस बैठक में दोनों उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक के साथ राष्ट्रीय अध्यक्ष भूपेन्द्र चौधरी और संगठन मंत्री धर्मपाल सिंह मौजूद रहे। जल्द ही ये सभी 35 नाम केंद्रीय कमेटी को भेजे जाएंगे जिनमें से 7 नामों पर बीजेपी आलाकमान अपनी सहमति देगा।


