Uttarakhand : उत्तराखंड (Uttarakhand) के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा है कि 500 वर्षों के संघर्ष के बाद भगवान राम अब अपने जन्मस्थान पर एक भव्य मंदिर में विराजमान हैं। यह हर हिंदू की भावनाओं की जीत है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में इस युग में एक बार फिर राम युग की शुरुआत हो गई है। मुख्यमंत्री धामी ने मंगलवार को अपने कैबिनेट सहयोगियों के साथ रामलला के दर्शन किये। पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि जब वह लखनऊ यूनिवर्सिटी में पढ़ते थे तो अक्सर अयोध्या आते थे। उस समय यहां तंबू में विराजमान भगवान रामलला को देखकर भावनाएं उमड़ पड़ती थीं।
आज गौरव की अनुभूति हो रही है। रामलला को तंबू से भव्य महल में विराजमान किया गया है। धामी ने कहा कि उत्तराखंड विधानसभा भवन का निर्माण अयोध्या में किया जाएगा। इसके लिए उत्तर प्रदेश सरकार और मुख्यमंत्री योगी से जमीन उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया है। उत्तराखंड और अयोध्या का एक दूसरे से गहरा संबंध है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में वहां से बड़ी संख्या में लोग भगवान श्रीराम के दर्शन के लिए यहां आएंगे। ऐसे में विधानसभा के निर्माण से उत्तराखंड के लोगों को सुविधा मिलेगी। जब उनसे पूछा गया कि क्या राम मंदिर बनने से लोकसभा चुनाव में फायदा मिलेगा तो उन्होंने सिर्फ इतना कहा कि भगवान श्रीराम सर्वव्यापी हैं।


