Lok Sabha 2024 : 2024 के लोकसभा चुनाव (Lok Sabha 2024) से पहले केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने अपने पति जुबिन ईरानी के साथ उत्तर प्रदेश के अमेठी में अपने नवनिर्मित आवास में प्रवेश किया। इस दौरान स्मृति सिर पर कलश रखे नजर आईं। गृह प्रवेश समारोह के दौरान उनके पति जुबिन भी मौजूद थे। स्मृति के घर पूजा का कार्यक्रम बुधवार को शुरू हुआ। गृहप्रवेश के अनुष्ठान का नेतृत्व उज्जैन के पुजारियों ने किया।
इस दौरान स्मृति के नए घर में देवी-देवताओं की मूर्तियों की स्थापना भी हुई। उज्जैन से आए विद्वान ब्राह्मणों द्वारा हवन-पूजन कराने के बाद सांसद ने अपने आवास में प्रवेश किया। गृह प्रवेश के दौरान वह अपने पति जुबिन ईरानी के साथ रहीं। इस दौरान पूर्व राज्य मंत्री सुरेश पासी, जिलाधिकारी निशा अनंत, एसपी डॉ. एल्मारन समेत भाजपा जिलाध्यक्ष और बड़ी संख्या में भाजपा नेता व कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। गृह प्रवेश के बाद भव्य भोज का भी आयोजन किया गया है जिसमें बड़ी संख्या में भाजपा नेता और जिले के लोग शामिल होंगे। अनुमान है कि भोज में करीब 20 हजार लोग शामिल होंगे।
भोज में बीजेपी के कई बड़े नेता भी मौजूद रहेंगे। भोज में विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र चौधरी, पशुपालन मंत्री धर्मपाल सिंह, प्रभारी मंत्री गिरीश चंद्र यादव, कृषि राज्य मंत्री दिनेश प्रताप सिंह, राज्य मंत्री दानिश आजाद अंसारी, राज्य मंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह मौजूद रहेंगे। केंद्रीय मंत्री और सांसद स्मृति ईरानी ने 2021 में गौरीगंज तहसील के मवई गांव में 11 बिस्वा जमीन खरीदी थी। इस जमीन पर एक आलीशान घर बनाया गया है, जहां आज गृह प्रवेश के दौरान सांसद स्मृति ईरानी ने प्रवेश किया।


