Agra : उत्तर प्रदेश के आगरा (Agra) से एक अजीबोगरीब घटना सामने आई है जहां एक पत्नी की शिकायत सुनकर पुलिस भी हैरान है। बताया जा रहा है कि पत्नी की मोमोज की ज्यादा डिमांड के कारण मामला तलाक तक पहुंच गया। पत्नी लगातार खाने की जगह मोमोज की डिमांड करती रही। रोज-रोज मोमोज खिलाने से तंग आकर पति नाराज हो गया। एक दिन पति के मोमोज न लाने पर दोनों के बीच बहस हो गई। दोनों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि पत्नी नाराज होकर अपने मायके चली गई। इसके बाद मामला परिवार परामर्श केंद्र तक पहुंच गया।
यह विचित्र घटना आगरा के पिनाहट क्षेत्र की है। बताया जा रहा है कि मलपुरा क्षेत्र की एक युवती की शादी पिनाहट क्षेत्र के एक युवक से हुई थी। छह माह पहले उनकी शादी धूमधाम से हुई थी। युवक जूता फैक्ट्री में काम करता है। परिवार की आर्थिक स्थिति बहुत अच्छी नहीं है। पत्नी की रोजाना मोमोज खाने की इच्छा को पति पूरा नहीं कर पा रहा था। परिवार परामर्श केंद्र में पत्नी ने बताया कि वह शादी से पहले भी रोज मोमोज खाती थी। उन्होंने शादी से पहले ही मोमोज खाने की इच्छा अपने पति को बता दी थी। शादी के कुछ दिन तक तो पति मोमोज खिलाता रहा लेकिन फिर लाना बंद कर दिया।
मोमोज न लाने को लेकर शुरू हुए विवाद के कारण पत्नी पिछले दो माह से अपने मायके में रह रही है। इस बीच पति ने समझाया कि कभी-कभी उसे काम से लौटने में देर हो जाती है या मोमोज लाना भूल जाता है जिसके कारण वह उसकी मांग पूरी नहीं कर पाता। परिवार परामर्श केंद्र के परामर्शदाता डॉ. अमित गौड़ ने बताया कि पति-पत्नी दोनों की व्यापक काउंसलिंग की गई है। पति को हफ्ते में एक या दो बार मोमोज खिलाने के लिए कहा गया है। पत्नी हफ्ते में एक या दो बार मोमोज खाने को राजी हो गई है और दोनों के बीच समझौता हो गया है।


