Police Paper Leak : उत्तर प्रदेश पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा रद्द होने के बाद एसटीएफ ने कार्रवाई शुरू कर दी है। यूपी पुलिस की परीक्षा में अलग-अलग जिलों से परीक्षा में सेधमारी करने वालों की धरपकड़ की जा रही है। शुक्रवार को एक बार फिर एसटीएफ ने प्रवीण उर्फ मिंटू बालियान को मुजफ्फरनगर से गिरफ्तार कर लिया। प्रवीण पर यूपी पुलिस कांस्टेबल परीक्षा का पेपर लीक (Police Paper Leak) करने का आरोप है। आरोपियों से पूछताछ में चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। पता चला कि प्रवीण उर्फ मिंटू बालियान भारतीय सेना का सेवानिवृत्त जवान है। रिटायरमेंट के बाद वह भर्ती परीक्षाओं में नकल कराने वाले गिरोह का हिस्सा बन गया।
ये भी पढ़ें : UP Politics : ओपी राजभर बोले “नहीं मिला राजपाठ तो नहीं मनाऊंगा होली…”
मुजफ्फरनगर में यूपी एसटीएफ की कार्रवाई
पुलिस भर्ती परीक्षा में नकल कराने वाले गिरोह के वांछित सदस्य कपिल तोमर को गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया गया। यूपी एसटीएफ ने कपिल तोमर को गाजियाबाद से गिरफ्तार किया था। आज खुलासा हुआ है कि प्रवीण उर्फ मिंटू बालियान भी कपिल तोमर गैंग से जुड़ा हुआ है। अधिकारियों के मुताबिक प्रवीण ने 2024 में केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल परीक्षा का पेपर भी लीक किया है। आरोपी के पास से एसटीएफ ने सीएपीएफ परीक्षा के 9 एडमिट कार्ड और यूपी पुलिस कांस्टेबल भर्ती से संबंधित प्रश्न पत्र बरामद किए हैं। यूपी पुलिस के लिए भर्ती परीक्षा 17 और 18 फरवरी को 75 जिलों में आयोजित की गई थी।
पुलिस भर्ती परीक्षा का पेपर लीक मामला
60 हजार पदों के लिए 48 लाख से ज्यादा अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी थी। सिपाही भर्ती परीक्षा के बाद पेपर लीक के आरोपी अभ्यर्थियों ने जमकर हंगामा किया। परीक्षा रद्द करने की मांग को लेकर अभ्यर्थियों ने कई दिनों तक विरोध प्रदर्शन किया। पेपर लीक मामले में विपक्ष ने भी सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। अभ्यर्थियों और विपक्ष के बढ़ते दबाव को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी ने परीक्षा रद्द करने की घोषणा की। मुख्यमंत्री योगी ने अगले छह महीने में यूपी पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा दोबारा कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने सिपाही भर्ती परीक्षा में पेपर लीक की जांच एसटीएफ को सौंपी है। एसटीएफ ने सिपाही भर्ती परीक्षा में नकल कराने वाले अभ्यर्थियों के मददगारों की सूची तैयार की है।
ये भी देखें : CM YOGI ने आंगनबाड़ी के भवनों का किया लोकार्पण


