UP Cabinet Expansion : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार 2.0 के पहले मंत्रिमंडल का विस्तार (UP Cabinet Expansion) मंगलवार शाम 5 बजे राजभवन में होगा। सुभासपा के अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर, बीजेपी नेता दारा सिंह चौहान और रालोद के एक से दो विधायक मंत्री पद की शपथ ले सकते हैं। इस बीच मंगलवार सुबह राष्ट्रीय लोकदल विधायक अनिल कुमार को लखनऊ बुलाया गया है। उनके मंत्री पद पर नियुक्ति को लेकर भी अटकलें तेज हैं।
साथ ही साहिबाबाद से बीजेपी विधायक सुनील शर्मा को भी मंत्री बनाए जाने की चर्चा है। सभी संभावित मंत्रियों को मुख्यमंत्री आवास पर आमंत्रित किया गया है और उन्हें फोन पर बुलाया गया है। सूत्रों के मुताबिक, राज्यपाल आनंदी बेन पटेल मंगलवार शाम को लखनऊ लौटेंगी। उनके लखनऊ लौटने के बाद राजभवन में शपथ ग्रहण समारोह की योजना है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक, बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी और सरकार के मंत्री मौजूद रहेंगे।


