Lok Sabha 2024 : चुनाव आयोग आगामी लोकसभा चुनाव (Lok Sabha 2024) की तारीखों का ऐलान 14-15 मार्च को कर सकता है। सूत्रों की माने तो 2019 लोकसभा चुनाव की तरह इस बार भी सात चरणों में चुनाव कराए जा सकते हैं। पहले चरण का मतदान अप्रैल के दूसरे हफ्ते में हो सकता है।
सूत्रों का कहना है कि चुनाव आयोग अगले हफ्ते किसी भी दिन लोकसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान कर सकता है। फिलहाल आयोग विभिन्न राज्यों में आम चुनाव की तैयारियों का आकलन करने के लिए दौरे पर है। सभी राज्यों में तैयारियों का आकलन करने के बाद आयोग चुनाव की तारीखों का ऐलान करेगा। आयोग के अधिकारी फिलहाल पश्चिम बंगाल के दौरे पर हैं। इसके बाद टीम उत्तर प्रदेश और फिर जम्मू-कश्मीर का दौरा करेगी।
यह टीम 13 मार्च तक अपना दौरा पूरा करेगी। इस दौरान चुनाव आयोग राज्यों के मुख्य निर्वाचन अधिकारियों के साथ लगातार बैठकें भी करेगा। इस बीच सभी राजनीतिक पार्टियां भी चुनाव की तैयारियों में जुट गई हैं। चुनाव की तारीखों के ऐलान से पहले ही कई पार्टियों ने अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। सत्तारूढ़ भाजपा ने हाल ही में 195 सीटों के लिए अपने उम्मीदवारों की घोषणा की।
वहीं, आम आदमी पार्टी, समाजवादी पार्टी और राष्ट्रीय लोकदल ने भी अपने उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है। चुनाव की घोषणा से ठीक पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के विभिन्न राज्यों के दौरे पर हैं। पीएम 10 दिनों में 12 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों का दौरा करेंगे। इस दौरे के दौरान वह 29 कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे।
पीएम मोदी तेलंगाना, तमिलनाडु, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, बिहार, जम्मू-कश्मीर, असम, अरुणाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश, गुजरात, राजस्थान और दिल्ली का दौरा करेंगे। पीएम मोदी 5 मार्च से 13 मार्च तक दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह कई परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे और सार्वजनिक रैलियों को संबोधित करेंगे। उम्मीद है कि पीएम का दौरा खत्म होने के बाद चुनाव आयोग कभी भी चुनाव की तारीखों का ऐलान कर सकता है।
2019 में 11 अप्रैल से 19 मई तक सात चरणों में चुनाव हुए और वोटों की गिनती 23 मई को हुई थी। 2019 के आम चुनाव में वोटर लिस्ट में 90 करोड़ वोटरों के नाम शामिल थे, जबकि 2014 में 81 करोड़ 45 लाख मतदाता थे। इस बार लोकसभा चुनाव में 96.8 करोड़ से ज्यादा नागरिक वोट डालेंगे। 2019 में लोकसभा चुनाव के साथ-साथ अरुणाचल प्रदेश, आंध्र प्रदेश, सिक्किम और ओडिशा विधानसभा के लिए भी चुनाव हुए।
लोकसभा नतीजों के साथ विधानसभा चुनाव के नतीजे भी घोषित किए गए थे। 2019 में लोकसभा चुनाव के पहले चरण का मतदान 11 अप्रैल को हुआ था। पहले चरण में 20 राज्यों की कुल 91 लोकसभा सीटों पर वोटिंग हुई थी। दूसरे चरण का मतदान 18 अप्रैल को हुआ। इस चरण के दौरान 13 राज्यों की कुल 97 लोकसभा सीटों पर मतदान हुआ। तीसरे चरण के लिए 23 अप्रैल को 14 राज्यों की कुल 115 सीटों पर वोटिंग हुई थी।
2019 में लोकसभा चुनाव के चौथे चरण का मतदान 29 अप्रैल को हुआ था। इस चरण के दौरान 9 राज्यों के कुल 71 संसदीय क्षेत्रों में मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। पांचवें चरण के लिए 7 राज्यों की 51 सीटों पर 6 मई को वोटिंग हुई, जबकि छठे चरण के लिए 12 मई को 6 राज्यों की 59 सीटों पर वोटिंग हुई। सातवें और अंतिम चरण में 19 मई को 8 राज्यों की 59 सीटों पर मतदान हुआ था।


