Jaunpur : उत्तर प्रदेश के जौनपुर (Jaunpur) में बीजेपी नेता प्रमोद यादव की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। बीजेपी नेता की हत्या से हड़कंप मच गया है। बता दें कि 2012 में बीजेपी नेता ने बाहुबली और पूर्व सांसद धनंजय सिंह की पूर्व पत्नी जागृति सिंह के खिलाफ चुनाव लड़ा था। इस चुनाव में जीत सपा के पारसनाथ यादव को मिली जबकि धनंजय सिंह की पूर्व पत्नी जागृति सिंह दूसरे स्थान पर रहीं। इस चुनाव में प्रमोद यादव तीसरे स्थान पर रहे थे। अब तक मिली जानकारी के मुताबिक बक्शा थाना क्षेत्र के बोधापुर मोड़ के पास बीजेपी नेता को गोली मारी गई है।
गंभीर हालत में प्रमोद यादव को अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। भाजपा नेता की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। गौरतलब है कि बीजेपी नेता की हत्या के मामले में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। अभी तक पीड़ित परिवार की ओर से किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया गया है। पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है। पुलिस को सीसीटीवी फुटेज से हमलावरों के बारे में जानकारी मिलने की उम्मीद है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों का भी फोकस इस केस पर है।
मिली जानकारी के मुताबिक 2012 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी नेता प्रमोद यादव बाहुबली धनंजय सिंह की पूर्व पत्नी जागृति सिंह के खिलाफ खड़े हुए थे। हालांकि चुनाव में सपा के पारसनाथ यादव विजयी रहे। इस विधानसभा चुनाव में जागृति सिंह को 50,100 वोट मिले और वे दूसरे स्थान पर रहीं जबकि पारस नाथ यादव को 81,602 वोट मिले और उन्होंने जीत दर्ज की थी। आपको यह भी बता दें कि 2017 में धनंजय सिंह और जागृति सिंह का तलाक हो गया था। इसके बाद पूर्व सांसद और बाहुबली धनंजय सिंह ने श्रीकला रेड्डी से शादी की थी।
धनंजय सिंह की यह तीसरी शादी है। श्रीकला रेड्डी वर्तमान में जौनपुर जिला पंचायत की अध्यक्ष हैं। गौरतलब है कि यूपी का जौनपुर जिला लगातार सुर्खियों में बना हुआ है। हाल ही में पूर्व सांसद और बाहुबली धनंजय सिंह को अपहरण और फिरौती मामले में 7 साल जेल की सजा सुनाई गई थी। इसके साथ ही धनंजय सिंह पर 50 हजार का जुर्माना भी लगाया गया था। आपको बताते चलें कि हाल ही में धनंजय सिंह ने जौनपुर से लोकसभा चुनाव लड़ने का ऐलान किया था। लेकिन अब सजा मिलने के बाद वह चुनाव नहीं लड़ सकेंगे।


