LPG Price Cut : अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर मोदी सरकार ने घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में 100 रुपये की कटौती कर बड़ी राहत दी है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस फैसले के लिए यूपीवासियों की ओर से पीएम मोदी का आभार व्यक्त किया है। सीएम योगी ने कहा कि एलपीजी सिलेंडर के दाम कम करने के फैसले से लाखों परिवारों को आर्थिक राहत मिलेगी और महिलाओं को धुएं और प्रदूषण से भी मुक्ति मिलेगी।
सीएम योगी ने अपने ऑफिशियल अकाउंट से लिखा कि आज ‘महिला दिवस’ के अवसर पर एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में ₹100 की छूट का निर्णय करोड़ों परिवारों को आर्थिक राहत देने के साथ ही मातृशक्ति को धुंए और प्रदूषण से मुक्ति दिलाकर स्वस्थ व खुशहाल जीवन प्रदान करेगा। मातृशक्ति के सम्मान और पर्यावरण को संरक्षित करते इस लोक-कल्याणकारी सौगात के लिए प्रदेश वासियों की ओर से आपका हार्दिक आभार आदरणीय प्रधानमंत्री जी!
बता दें कि लखनऊ में शुक्रवार को एलपीजी सिलेंडर 1090.5 रुपये पर मिल रहा था। मोदी सरकार द्वारा दी गई छूट (LPG Price Cut) के बाद इसकी कीमत में कमी आएगी। इससे पहले अगस्त 2013 में रक्षाबंधन के मौके पर मोदी सरकार ने एक साथ एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में 200 रुपये की कटौती की थी। अब अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर सरकार ने कीमतों में 100 रुपये की कटौती कर अहम राहत देने की कोशिश की है।


