UP Police : सिपाही भर्ती परीक्षा में लीक हुए पेपर के मामले में उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (UP Police STF) को बड़ी सफलता मिली है। टीसीआई कंपनी में रखे ट्रंक बॉक्स को खोलकर गिरोह के सरगना को पेपर भेजने वाले डॉ. शुभम मंडल को एसटीएफ ने गिरफ्तार कर लिया है। उसे पटना के खगौल से गिरफ्तार किया गया है।
इससे पहले सिपाही पेपर लीक करने वाले गिरोह के तीन सदस्यों को गुरुवार को एसटीएफ ने गाजियाबाद से गिरफ्तार किया था। तीनों अहमदाबाद से यूपी के जिलों में कागजात भेजने वाली ट्रांसपोर्ट कंपनी के वर्तमान और पूर्व कर्मचारी हैं। इन लोगों ने मास्टरमाइंड राजीव नयन मिश्रा के साथ मिलकर गोदाम से पेपर की फोटो ली थी। बाद में इसे लाखों रुपये में बेच दिया गया। राजीव नयन अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है।
राजीव ने पटना के रहने वाले डॉ. शुभम मंडल को बुलाया था, जो बॉक्स खोलने में माहिर हैं। इस बीच राजीव ने अपने साथियों रवि अत्री, बिक्रम पहल, मोनू ढाकला, विक्रम दहिया, महेंद्र शर्मा, गौरव चौधरी, मोनू पंडित, सतीश धनकड (मानेसर के नेचर वैली रिजॉर्ट का मालिक), नीटू, धीरज उर्फ गोल्डी (बॉलीवुड रेस्टोरेंट सोनीपत, हरियाणा का मालिक) और अन्य को पेपर दे दिए थे।


