Lok Sabha Elections 2024 : लोकसभा चुनाव की तारीखों के ऐलान के बीच (Lok Sabha Elections 2024) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने कैबिनेट मंत्रियों को खास निर्देश दिए हैं। उन्होंने मंत्रियों को नई सरकार के पहले 100 दिन और अगले 5 साल का रोडमैप तैयार करने का निर्देश दिया है। यह जानकारी मीडिया सूत्रों के आधार पर दी गई है। पीएम मोदी ने आज सुबह नई दिल्ली में केंद्रीय कैबिनेट की बैठक की अध्यक्षता की। इस दौरान उन्होंने मंत्रियों से अपने-अपने मंत्रालयों के सचिवों और अन्य अधिकारियों के साथ बैठक करने को कहा।
उन्होंने उनसे इस बात पर भी चर्चा करने को कहा कि नई सरकार के पहले 100 दिनों और अगले 5 वर्षों के एजेंडे को और अधिक प्रभावी ढंग से कैसे लागू किया जा सकता है। पीएम मोदी की यह मुलाकात चुनाव आयोग द्वारा लोकसभा चुनाव के कार्यक्रम की घोषणा के एक दिन बाद हुई। कैबिनेट ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को चुनाव आयोग की सिफारिश भेजकर 7 चरण के संसदीय चुनावों की तारीखों को अधिसूचित करने की प्रक्रिया शुरू की। मालूम हो कि पहले चरण के तहत 102 सीटों पर 19 अप्रैल को वोटिंग होगी। इसके लिए पहली अधिसूचना 20 मार्च को जारी होगी। अधिसूचना जारी होने के साथ ही किसी खास चरण के लिए नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो जाती है।
ये भी देखें : Loksabha Chunav: क्या मोहन यादव बिगाड़ेंगे अखिलेश यादव का खेल?
शनिवार को प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि दुनिया में व्याप्त अनिश्चितता के बीच यह तय है कि भारत तेज गति से विकास करता रहेगा। पीएम मोदी ने एक कार्यक्रम में विपक्ष का नाम लिए बिना कहा कि देश ‘राष्ट्र प्रथम’ के विचार से प्रेरित है जबकि विपक्ष ‘परिवार प्रथम’ के सिद्धांत पर काम करता है। उन्होंने आगामी लोकसभा चुनाव में अपनी सरकार के सत्ता में बने रहने का भरोसा जताया। मोदी ने कहा कि अगले पांच साल में लोग निर्णायक नीतियां और फैसले देखेंगे और वे उन पर काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगले पांच साल में दुनिया के लिए एक स्थिर, सक्षम और सशक्त भारत की गारंटी होगी। आने वाला साल विकास को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगा।


