UP Politics : देश के सबसे बड़े और प्रभावशाली राजनीतिक परिवारों में से एक उत्तर प्रदेश का यादव परिवार इस समय लोकसभा चुनाव में सक्रिय है। इस परिवार के मुखिया और समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव बीजेपी के खिलाफ रणनीति बना रहे हैं और यूपी में 2024 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी को चुनौती देने के लिए हर तरह से तैयारी कर रहे हैं। अखिलेश की पत्नी डिंपल भी मैनपुरी लोकसभा सीट से जोर-शोर से प्रचार कर रही हैं।
इसी बीच सोशल मीडिया पर कुछ वीडियो और तस्वीरें वायरल हो रही हैं। ये तस्वीरें इसलिए महत्वपूर्ण हैं क्योंकि इनमें यादव परिवार की अगली पीढ़ी की झलक मिलती है। हम बात कर रहे हैं समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव और डिंपल यादव की बेटी अदिति यादव की। अदिति फिलहाल मैनपुरी में हैं और अपनी मां के चुनाव प्रचार में प्रमुखता से नजर आ रही हैं।
ये भी देखें : Gujarat University : गुजरात में नमाज को लेकर हुआ बवाल, ओवैसी ने किस पर लगाया आरोप ?
बता दें कि अदिति यादव भी अपनी मां डिंपल यादव के साथ चुनाव प्रचार (UP Politics) में हिस्सा ले रही हैं। अदिति को उनकी मां के साथ सार्वजनिक सभाओं में देखा जा सकता है। खास बात ये है कि अदिति यहां महिला कार्यकर्ताओं और आम महिलाओं के बीच अपने अंदाज से दिल जीत रही हैं। कहा जा रहा है कि यह पहली बार है कि यादव परिवार की अगली पीढ़ी इस तरह से चुनाव प्रचार में दिख रही है और हिस्सा ले रही है।
ऐसे में कयास लगाए जा रहे हैं कि क्या यादव परिवार अपनी अगली पीढ़ी को राजनीति के लिए तैयार कर रहा है। इस मामले में जब डिंपल यादव से पूछा गया तो उन्होंने कहा कि हर किसी को जीवन के सभी पहलुओं का अनुभव करना चाहिए। चूंकि बच्चों की छुट्टियां चल रही हैं तो उन्हें देखना चाहिए कि यहां किस तरह का चुनावी उत्सव हो रहा है। इसलिए बच्चे हमारे साथ हैं।
फिलहाल इस मामले पर डिंपल यादव का बयान सामने आया है। लेकिन अदिति यादव के चुनाव प्रचार में हिस्सा लेने से समाजवादी पार्टी के समर्थक खुश हैं। उनका मानना है कि यादव परिवार अब अगली पीढ़ी को राजनीति के लिए तैयार कर रहा है। समाजवादी पार्टी के समर्थकों का मानना है कि लोकसभा चुनाव के बहाने यादव परिवार अगली पीढ़ी को राजनीतिक अनुभव सिखा रहा है। इसमें कितनी सच्चाई है? केवल समय बताएगा।


