Rampur : रामपुर लोकसभा सीट को लेकर बड़ी खबर है। सूत्रों के मुताबिक, समाजवादी पार्टी ने दिल्ली पार्लियामेंट मस्जिद के इमाम मौलाना मोहिबुल्लाह नदवी को अपना उम्मीदवार बनाया है। सूत्रों के मुताबिक मौलाना मोहिबुल्लाह नदवी आज अपना नामांकन दाखिल कर सकते हैं। नामांकन दाखिल करने का आज आखिरी दिन है, जो दोपहर तीन बजे तक चलेगा।
मोहिबुल्लाह नदवी मूल रूप से रामपुर (Rampur) के रहने वाले हैं। उन्होंने लखनऊ के नदवा कॉलेज से मौलवी की डिग्री हासिल की। उन्होंने अपनी शिक्षा अलीगढ मुस्लिम यूनिवर्सिटी और जामिया से भी प्राप्त की। मौलाना मोहिबुल्लाह नदवी को सपा प्रमुख अखिलेश यादव का करीबी माना जाता है। समाजवादी पार्टी रामपुर में टूटे सियासी समीकरणों को साधने की कोशिश में जुटी है। सूत्रों के मुताबिक मोहिबुल्लाह नदवी आजम खान की पसंद नहीं हैं।
इससे पहले समाजवादी पार्टी के जिला अध्यक्ष ने मंगलवार को कहा था कि पार्टी की जिला इकाई चाहती थी कि सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव इस सीट से लोकसभा चुनाव लड़ें, लेकिन अब वह चुनाव का बहिष्कार करने से ‘निराश’ हैं। जिला इकाई के अध्यक्ष अजय सागर और जेल में बंद नेता आजम खान के नाम से जारी एक बयान में सत्तारूढ़ भाजपा पर चुनाव उल्लंघन और सपा नेताओं के खिलाफ कथित ज्यादती का आरोप लगाया गया।
हिंदी में लिखे पत्र में कहा गया कि निर्वाचन क्षेत्र की इन ‘विशेष परिस्थितियों’ के कारण उन्होंने अखिलेश यादव से रामपुर से चुनाव लड़ने का अनुरोध किया था। पत्र अप्रत्यक्ष रूप से इंगित करता है कि उन्होंने इस अनुरोध को अस्वीकार कर दिया था। पिछले हफ्ते के अंत में चुनाव पर चर्चा के लिए अखिलेश यादव पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ आजम खान से मिलने सीतापुर जेल गए थे। इस मुलाकात के कुछ दिन बाद ये बयान सामने आया।


