Moradabad : मुरादाबाद (Moradabad) लोकसभा सीट से समाजवादी पार्टी के नेता और प्रत्याशी डॉ एसटी हसन ने टिकट कटने के बाद अपनी पहली प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि आलाकमान से पहले मुझे जो निर्देश दिए गए मैंने उनका पालन किया। अब आलाकमान से जो भी निर्देश आएगा मैं उसका पालन करूंगा। उन्होंने कहा, अखिलेश यादव जी, आजम खान साहब, ये सभी हमारे नेता हैं। उन्होंने कुछ सोच-विचार के बाद ऐसा कदम उठाया होगा।
यह पार्टी है, पार्टी के मालिक हैं, जो लड़ेंगे या नहीं लड़ेंगे। एसटी हसन ने कहा कि आज मुझे पता चला कि एक और उम्मीदवार ने भी नामांकन दाखिल किया है। अब फैसला आलाकमान का है वे जो भी निर्णय लेंगे हम आगे देखेंगे। टिकट कटने के सवाल पर हसन ने कहा कि अगर कोई वजह होती तो पहले टिकट नहीं मिलता। आप मुझसे टिकट कटने के बारे में क्यों पूछ रहे हैं उनसे पूछिए जिन्होंने किसी और को टिकट दिया है।
गौरतलब हो कि रुचि वीरा समाजवादी पार्टी की आधिकारिक उम्मीदवार होंगी। सपा सांसद डॉ एसटी हसन का टिकट कट गया है। इससे पहले सपा ने डॉ एसटी हसन को अपना उम्मीदवार बनाया था। आजम खां के दबाव में सपा ने डॉ एसटी हसन का टिकट काट दिया और रुचि वीरा को उम्मीदवार बना दिया। मुरादाबाद के जिला अधिकारी ने जानकारी दी है कि रुचि वीरा सपा की आधिकारिक उम्मीदवार होंगी।
मुरादाबाद में सपा नेता रुचि वीरा के सपा प्रत्याशी के तौर पर नामांकन दाखिल करने के बाद असमंजस की स्थिति पैदा हो गई। इससे पहले मंगलवार को मुरादाबाद से मौजूदा सपा सांसद एसटी हसन ने भी सपा प्रत्याशी के तौर पर नामांकन दाखिल किया था। आगामी 19 अप्रैल को मुरादाबाद में वोटिंग होगी। इसके लिए नामांकन का दौर 27 मार्च तक चलेगा।


