Lok Sabha Election 2024 : मेरठ के मोदी पुरम में भारत रत्न चौधरी चरण सिंह गौरव समारोह में प्रदेश के कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर पहुंचे। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी (सपा), बहुजन समाज पार्टी (बसपा) और कांग्रेस ने संकट पैदा किया है। इस संकट का समाधान एनडीए करेगी। उन्होंने आगे कहा कि 4 जून को 400 पार का नारा इस बार पूरा होगा। एनडीए का गठन हमारे दुखों को दूर करने के लिए हुआ है। उन्होंने मोदी और योगी को धन्यवाद देते हुए कहा कि प्रदेश में बीजेपी के सात साल के शासनकाल में एक भी दंगा नहीं हुआ है।
यह एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। मेरठ पहुंचे यूपी के कैबिनेट मंत्री ओपी राजभर ने कहा कि सपा और कांग्रेस की सरकार के दौरान दंगे हुए थे लेकिन अब देश में शांति है। उन्होंने मुसलमानों से अपील करते हुए कहा कि गंगा बह रही है, इसलिए हाथ धो लो। सपा और कांग्रेस के जाल में न फंसें। सपा और कांग्रेस ने जो नफरत का बीज बोया था उसे भाजपा ने खत्म कर शांति स्थापित की है। राजभर ने आगे कहा कि यूपी में 80 और देश में 400 सीटें (Lok Sabha Election 2024) जीताकर अपना योगदान जरूर दें।
पश्चिमी उत्तर प्रदेश की जंग जीतने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज एनडीए के सहयोगियों के साथ पश्चिमी यूपी में होंगे। रविवार को वे मेरठ में रैली से चुनाव प्रचार का शंखनाद करेंगे। एनडीए में शामिल हुए आरएलडी प्रमुख जयंत चौधरी भी उनके साथ मंच साझा करेंगे। 2014 और 2019 के बाद यह लगातार तीसरी बार होगा जब मोदी यूपी में अपने चुनाव अभियान की शुरुआत मेरठ से करेंगे। इसके बाद प्रधानमंत्री की दो चुनावी रैलियां मुरादाबाद और सहारनपुर में प्रस्तावित हैं। इस बीच गृह मंत्री अमित शाह 3 अप्रैल को मुजफ्फरनगर से चुनाव प्रचार की शुरुआत करेंगे।
शनिवार को मेरठ में शंखनाद रैली की तैयारियां चल रही थीं। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र चौधरी के मुताबिक शंखनाद रैली में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, आरएलडी प्रमुख जयंत सिंह, अपना दल की अनुप्रिया पटेल, सुभासपा के ओमप्रकाश राजभर और निषाद पार्टी के संजय निषाद भी शामिल होंगे। इस तरह यह राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन की रैली होगी। रविवार को होने वाली रैली मेरठ, बागपत, मुजफ्फरनगर, कैराना और बिजनौर की लोकसभा सीटों पर केंद्रित होगी। वर्तमान में, आरएलडी के पास बिजनौर और बागपत की सीटें हैं। तीन लोकसभा सीटें बीजेपी के पास हैं।


