Lok Sabha Election 2024 : लोकसभा चुनाव में कांग्रेस को एक बार फिर उथल-पुथल का सामना करना पड़ा। इंदौर सीट से पार्टी के उम्मीदवार अक्षय कांत बम ने अपना नामांकन वापस ले लिया। नामांकन की समय सीमा समाप्त होने के कारण इस सीट पर कांग्रेस की उम्मीदवारी अब समाप्त हो गई है। कांग्रेस को झटका देने के बाद अक्षय ने बीजेपी का दामन थाम लिया है।
बम ने मौजूदा बीजेपी विधायक रमेश मेंदोला के साथ डीसी ऑफिस जाकर अपना नामांकन वापस ले लिया। बम का ये फैसला कांग्रेस (Lok Sabha Election 2024) के लिए बेहद चौंकाने वाला है। खबर लिखे जाने तक पार्टी की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई थी। जिला निर्वाचन अधिकारी आशीष सिंह ने बताया कि इंदौर से कांग्रेस के लोकसभा प्रत्याशी अक्षयकांत बम ने अपना नामांकन वापस ले लिया है।
बीजेपी के वरिष्ठ नेता और मध्य प्रदेश के मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने सोशल मीडिया पर अक्षय के साथ सेल्फी पोस्ट कर उनका स्वागत किया। विजयवर्गीय ने लिखा, ‘माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी, राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा जी, मुख्यमंत्री मोहन यादव जी और प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा जी के नेतृत्व में इंदौर से कांग्रेस के लोकसभा उम्मीदवार अक्षय कांत बम जी का भाजपा में स्वागत है।’
इस सेल्फी में विजयवर्गीय और अक्षय बम को एक साथ गाड़ी में सवार देखा जा सकता है। अक्षय कांत से पहले सूरत में भी एक कांग्रेस उम्मीदवार का नामांकन रद्द कर दिया गया था। बाद में 8 अन्य उम्मीदवारों के नाम वापस लेने के बाद बीजेपी उम्मीदवार निर्विरोध जीत गए। 24 अप्रैल को अक्षयकांत बम के नामांकन के दिन मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने रैली की थी।


