Chhattisgarh : छत्तीसगढ़ की सबसे बड़ी विस्फोटक फैक्ट्री में शनिवार सुबह बड़ा विस्फोट हो गया। देखते ही देखते फैक्ट्री आग की लपटों में घिर गई। घटना बेमेतरा जिले से 70 किलोमीटर दूर स्थित बोरसी गांव की है। खबर है कि इस घटना में एक शख्स की मौत हो गई है, जबकि कई लोग घायल हो गए हैं।
जिला प्रशासन के एक अधिकारी ने मीडिया को बताया कि यह विस्फोट बेरला विकास खंड के पिरहदा गांव के पास एक इकाई में हुआ। धमाके में अब तक छह लोगों के घायल होने की खबर है। घायलों को इलाज के लिए अस्पतालों में पहुंचाया गया है। घटना की सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंची हैं। हालांकि, आग लगने का कारण अभी तक पता नहीं चल पाया है।
राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) और पुलिस प्रशासन की टीमें भी घटनास्थल पर पहुंच गई हैं और बचाव कार्य जारी है। घटनास्थल पर एंबुलेंस भी बुला ली गई हैं। आग इतनी भीषण है कि उसकी लपटें काफी दूर से देखी जा सकती हैं। फैक्ट्री में हुए धमाके की आवाज कई किलोमीटर दूर तक सुनाई दी।
आशंका है कि और भी लोग हताहत हो सकते हैं क्योंकि घटना के वक्त फैक्ट्री में कई कर्मचारी मौजूद थे। इसके अलावा आग की चिंगारी से आसपास के रिहायशी इलाकों को भी नुकसान हुआ है। धमाकों का मलबा दूर-दूर तक बिखर गया है, जिससे आसपास के निवासियों में दहशत फैल गई है।
ये भी पढ़ें : Ghaziabad : सरेआम किया जा रहा है गाजियाबाद में गांजे का कारोबार, प्रशासन बेखबर ?


