Lok Sabha Elections 2024 : केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि एआईएमआईएम चीफ असदुद्दीन ओवैसी का बिहार में विरोध होना चाहिए। इस दौरान उन्होंने ओवैसी पर कई आरोप भी लगाए।
लोकसभा चुनाव के बीच एआईएमआईएम चीफ असदुद्दीन ओवैसी शनिवार (25 मई) को बिहार की राजधानी पटना पहुंचे। बीजेपी के फायरब्रांड नेता और केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने उनके बिहार दौरे का विरोध किया। उन्होंने आरोप लगाया कि असदुद्दीन ओवैसी ऐसे नेता हैं जो कभी राष्ट्रगान के दौरान मौजूद नहीं रहते हैं। न्यूज एजेंसी एएनआई की रिपोर्ट के मुताबिक उन्होंने कहा ओवैसी के अंदर जिन्ना का जिन्न है। वह ऐसे नेता हैं जिनके भाई कहते हैं कि वह 15 मिनट में हिंदुओं का सफाया कर देंगें। बिहार में उनका विरोध होना चाहिए।
संविधान खत्म कर देंगे- अमित शाह
बिहार के आरा में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा था कि बीजेपी को 400 सीटों पर जिताएं फिर मुस्लिम आरक्षण खत्म कर देंगे। इस पर पटना में असदुद्दीन ओवैसी ने कहा वो अमित शाह सबका आरक्षण खत्म कर देंगे। संविधान खत्म कर देंगे। ये सब उनके इरादे हैं।
ओवैसी काराकाट क्षेत्र के पार्टी के लिए करेंगे प्रचार
एआईएमआईएम चीफ असदुद्दीन ओवैसी शनिवार को बिहार में काराकाट लोकसभा क्षेत्र के पार्टी की प्रत्याशी प्रियंका चौधरी के समर्थन में एक जनसभा को संबोधित करने के लिए यहां पहुंचे हैं। काराकाट सीट पर प्रियंका चौधरी का टक्कर भोजपुरी एक्टर पवन सिंह और एनडीए उम्मीदवार उपेन्द्र कुशवाहा से है। यहां रैली करने के बाद ओवैसी पटना में भी एक चुनावी कार्यक्रम में भाग लेंगे।
तीसरी बार पीएम न बनें नरेंद्र मोदी
पटना में असदुद्दीन ओवैसी ने कहा कि हम तो उम्मीद कर रहे हैं कि नरेंद्र मोदी तीसरी मर्तबा देश के प्रधानमंत्री न बनें लेकिन अब ये देश को तय करना है।


