दिल्ली में प्रचंड गर्मी के बीच जल का संकट बढ़ता जा रहा है। इस बीच सुप्रीम कोर्ट ने नाराजगी जताते हुए दिल्ली सरकार से सवाल किया कि टैंकर माफिया को रोकने के लिए आपने क्या कदम उठाए हैं। पानी की बर्बादी को रोकने के लिए आपने क्या काम किया?
दिल्ली में पानी की किल्लत के मामले में सुप्रीम कोर्ट ने सुनवाई के दौरान कहा कि यह कोई नया मामला नहीं है। यह मामला लगातार पिछले कुछ सालों के दौरान कोर्ट के सामने आता रहा है। ऐसे में अगर गर्मियों में हर साल इस तरह की दिक्कत होती है तो आपने उससे निपटने के लिए क्या कदम उठाए हैं?
सुप्रीम कोर्ट ने टिप्पणी करते हुए कहा कि हम लगातार न्यूज़ चैनल पर देख रहे हैं कि पानी को लेकर किस तरह से दिल्ली में हाहाकार मचा हुआ है। इसके अलावा अवैध तरीके से पानी को ले जाया जाता है। इसको लेकर क्या किया गया?
कोर्ट ने हिमाचल प्रदेश की सरकार के वकील से सवाल किया कि हर दिन 137 क्यूसेक अतिरिक्त जल हरियाणा को दिया गया या नहीं। वहीं, सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणी पर दिल्ली सरकार के वकील ने कहा कि हमने कई कदम उठाए हैं।


