UP Weather Update : उत्तर प्रदेश (UP) के कई हिस्सों में मौसम विभाग की ओर से अगले तीन से चार दिन तक भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। मानसून रविवार 30 जून को पूरे प्रदेश में पहुंच गया। देश के अधिकांश क्षेत्रों में तेज बारिश हो रही है, जिस के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। वहीं, बिजली गिरने से उत्तर प्रदेश में पांच लोगों की मौत हुई है और सात लोग घायल हुए हैं। मौसम वैज्ञानिकों (IMD) ने इसकी घोषणा करते हुए बताया कि जून के अंतिम दिन पूरे प्रदेश में सुबह साढ़े आठ बजे तक 63.3 मिमी बरसात रिकॉर्ड हुई। वहीं जून माह में पूरे प्रदेश में 45.3 मिमी बारिश दर्ज की गई।
बता दें कि देवरिया, गोरखपुर, संतकबीरनगर, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, मैनपुरी, इटावा, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, लखीमपुरखीरी, सहारनपुर, फिरोजाबाद, बरेली, पीलीभीत और आसपास के इलाकों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
इन इलाकों में जारी किया गया येलो अलर्ट
वहीं आजमगढ़, मऊ, बस्ती, गोंडा, सीतापुर, फर्रुखाबाद, कन्नौज, बाराबंकी, अमेठी, सुल्तानपुर, अयोध्या, अंबेडकरनगर, गौतमबुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, शामली, मुजफ्फरनगर, गाजियाबाद, हापुड़, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, आगरा, औरैया, अमरोहा, शाहजहांपुर व आसपास के इलाकों के लिए येलो अलर्ट है।
पूरे देश में एक-दो दिन में पहुंच जाएगा मानसून
मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, मानसून पंजाब, पश्चिम राजस्थान और हरियाणा के कुछ हिस्सों में आगे बढ़ा है। इसने उत्तर प्रदेश, जम्मू और हिमाचल प्रदेश के सभी’ भागों को कवर कर लिया है। अगले दो से तीन दिन में पश्चिमी राजस्थान, हरियाणा, चंडीगढ़ और पंजाब के शेष भागों में पहुंचते ही मानसून पूरे देश को कवर कर लेगा।


