Yogi Adityanath: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में आयोजित ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’ के अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक बड़ा बयान दिया है। पाकिस्तान के संदर्भ में इशारों में बात करते हुए सीएम योगी ने कहा कि या तो पाकिस्तान का भारत में विलय हो जाएगा या वह समाप्त हो जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा, “जो 1947 में हुआ, वह अब बांग्लादेश में हो रहा है। हम विभाजन की त्रासदी को दोबारा नहीं होने देंगे।”
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विभाजन के दर्द और त्रासदी को याद करते हुए कांग्रेस पर भी जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कभी विभाजन की त्रासदी के लिए माफी नहीं मांगेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने जब भी सत्ता पाई, उसने देश को कमजोर करने का काम किया। योगी ने कहा, “बांग्लादेश में 1947 में 22 प्रतिशत हिंदू थे, लेकिन आज सिर्फ 7 प्रतिशत बचे हैं। हमें उन हिंदुओं के साथ सहानुभूति रखनी चाहिए। अखंड भारत का सपना ही ऐसी घटनाओं का समाधान हो सकता है।”
सीएम योगी ने यह भी कहा कि अगर 1947 में भारत के राजनीतिक नेतृत्व के पास मजबूत इच्छाशक्ति होती, तो दुनिया की कोई भी ताकत विभाजन नहीं करा पाती। उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि उसने सत्ता के लोभ में देश को बांटने का काम किया। योगी ने कहा, “जब 1947 में पंडित नेहरू और कांग्रेस पार्टी तिरंगा लहराकर जश्न मना रहे थे, उस समय अनगिनत लोग अपनी मातृभूमि छोड़ने को मजबूर थे।”
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि पिछले 10 वर्षों में भारत की प्रगति ने दुनिया को अचंभित कर दिया है। इसलिए जब भी दुनिया में कहीं संकट आता है, तो दुनिया भारत की ओर देखती है।
ये भी पढ़ें..
असद और मोहम्मद गुलाम को मार गिराने वाले STF जांबाजों को राष्ट्रपति वीरता पदक से किया जाएगा सम्मानित
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक मोहन भागवत ने भी अखंड भारत के संदर्भ में पहले बयान दिया था। उन्होंने कहा था कि अखंड भारत कब तक अस्तित्व में आएगा, यह नहीं कहा जा सकता, लेकिन अगर इसके लिए लगातार प्रयास किए जाते रहे, तो यह आपके बूढ़े होने से पहले संभव हो सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि जो लोग हमसे अलग हो गए थे, उन्हें अब लगता है कि उनसे गलती हुई है और वे फिर से भारत के साथ आना चाहते हैं।