Vande Bharat : बरेली होते हुए देहरादून-लखनऊ वंदे भारत एक्सप्रेस (Vande Bharat) का संचालन मार्च से शुरू हो चुका है। अब दिवाली के बाद सहारनपुर-प्रयागराज रूट पर वंदे भारत एक्सप्रेस का संचालन शुरू करने की योजना है। इसके लिए रेलवे ने सहारनपुर वाया बरेली-लखनऊ और सहारनपुर वाया अलीगढ़-कानपुर रूट का सर्वेक्षण किया। बरेली-लखनऊ रूट को इस सेवा के लिए चुना गया है।
उत्तर और उत्तर मध्य रेलवे के अधिकारियों के बीच ट्रेन संचालन को लेकर पत्राचार हुआ है। रेलवे बोर्ड की चेयरपर्सन जया वर्मा सिन्हा ने हाल ही में प्रयागराज का दौरा किया और वंदे भारत एक्सप्रेस के संचालन पर चर्चा की। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि सहारनपुर-प्रयागराज वंदे भारत एक्सप्रेस बरेली-लखनऊ रूट के माध्यम से ही चलाई जाएगी।
यदि सहारनपुर से अलीगढ़-कानपुर सेंट्रल रूट पर इस ट्रेन का संचालन किया गया, तो कई ट्रेनों के संचालन में बाधा आएगी और उनकी समय सारणी में बदलाव करना होगा। उत्तर मध्य रेलवे का कहना है कि इस रूट पर पहले से ही ट्रेनों का दबाव है। रेलवे 1 दिसंबर को नई ट्रेनों की समय सारणी जारी करेगा, जिसमें सहारनपुर-प्रयागराज वंदे भारत एक्सप्रेस और बरेली-मुंबई सेंट्रल वंदे भारत एक्सप्रेस की समय सारणी भी शामिल होगी।
रेलवे इन ट्रेनों के संचालन के लिए सभी रेल खंडों में पहले से चल रही ट्रेनों की समय सारणी का अध्ययन कर रहा है। सीनियर डीसीएम आदित्य गुप्ता ने कहा कि सहारनपुर-प्रयागराज और बरेली-मुंबई सेंट्रल वंदे भारत एक्सप्रेस का संचालन प्रस्तावित है। इन रूटों पर ट्रेनों की समय सारणी का अध्ययन किया जा रहा है, और दिसंबर के अंत तक दोनों ट्रेनों की समय सारणी जारी होने की उम्मीद है।


