Wolf Attack : बहराइच में भेड़ियों का कहर, मासूम बच्ची बनी शिकार, सहमे है लोगउत्तर प्रदेश के बहराइच जिले और उसके आस-पास के इलाकों में आदमखोर भेड़ियों का आतंक जारी है। विशेष रूप से महसी इलाके में भेड़ियों के ताबड़तोड़ हमलों ने दहशत फैला दी है। बीते 24 घंटों में महसी में तीन अलग-अलग घटनाओं में भेड़ियों ने लोगों को अपना शिकार बनाया, जिससे स्थानीय लोग भयभीत हैं और अपनी सुरक्षा के लिए तमाम उपाय कर रहे हैं।
बुजुर्ग महिला पर हमला
महसी के बारह निगाह मौजा कुटिया गांव में 70 वर्षीय एक बुजुर्ग महिला पर हमला करते हुए, भेड़िया उसे घर से बाहर खींचकर ले गया। महिला की चीखें सुनकर परिवार के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और किसी तरह भेड़िये को वहां से भगाया। लेकिन इस हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। उन्हें पहले महसी सीएचसी में भर्ती कराया गया, लेकिन उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बहराइच मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। उनकी हालत अब भी नाजुक बनी हुई है।
बच्चों और महिलाओं पर हमले
इसी क्रम में, बहराइच के बरबीघा हरदी थाना क्षेत्र में देर रात एक भेड़िये ने 7 बच्चों और एक महिला पर हमला कर दिया। इस हमले में गरेठी गुरुदत्त सिंह गांव की ढाई साल की बच्ची अंजलि भी भेड़िये का शिकार बन गई, जिससे उसकी मृत्यु हो गई। इस भयानक घटना ने इलाके में डर और दहशत का माहौल पैदा कर दिया है।
प्रशासन की सतर्कता और लोगों से अपील
भेड़ियों (Wolf Attack) के आतंक से प्रभावित इलाकों में ग्रामीणों ने रातभर जागकर पहरा देना शुरू कर दिया है। भेड़ियों ने सबसे अधिक बच्चों, महिलाओं, और बुजुर्गों को निशाना बनाया है। इस स्थिति को देखते हुए बहराइच की जिला मजिस्ट्रेट (डीएम) मोनिका रानी ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने जानकारी दी कि अब तक चार भेड़ियों को पकड़ा जा चुका है, जबकि दो भेड़िये अभी भी फरार हैं। प्रशासन की टीमें लगातार इन भेड़ियों को पकड़ने का प्रयास कर रही हैं, और तब तक लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
चुनौतीपूर्ण स्थिति
डीएम मोनिका रानी ने कहा कि भेड़ियों को पकड़ने में सबसे बड़ी चुनौती यह है कि ये घटनाएं अलग-अलग गांवों में हो रही हैं, जिससे इनकी पकड़ में समय लग रहा है। वन विभाग और पुलिस की टीमें लगातार ग्रामीणों को जागरूक कर रही हैं। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि वे घरों के अंदर या छत पर सोएं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत प्रशासन को दें। सरकार इस मामले को गंभीरता से ले रही है और लगातार इसकी मॉनिटरिंग कर रही है।
ये भी पढ़ें : CM Yogi : सीएम ने बाबा कीनाराम के दलित और वंचितों के सशक्तिकरण को किया सम्मानित


