Bareilly News : एक शातिर युवक ने खाकी वर्दी पहनकर ऐसे कारनामे किए, जिनसे पुलिस अधिकारी भी हैरान रह गए। आरोपी ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर कई महिला सिपाहियों को अपने जाल में फंसाया, झांसा देकर उनके साथ शारीरिक संबंध बनाए और रुपये भी वसूले। बरेली में एक महिला सिपाही की शिकायत पर कोतवाली थाना पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
लखीमपुर खीरी निवासी राजन वर्मा ने पुलिसवालों से धोखा खाने के बाद एक गंभीर बदला लिया। उसने 12 महिला सिपाहियों को एक-एक कर अपने जाल में फंसाया और उनके साथ अनैतिक संबंध बनाकर लाखों रुपये ऐंठे। राजन वर्मा ने बताया कि पुलिस भर्ती के दौरान एक सिपाही ने उसे ठगी का शिकार बनाया, जिसके बाद उसने महिला सिपाहियों को निशाना बनाना शुरू किया।
बरेली के एक थाने में तैनात महिला पुलिसकर्मी भी राजन वर्मा के जाल में फंस गई। झांसा देकर उसने महिला सिपाही के साथ शारीरिक संबंध बनाए। आरोपी की सच्चाई सामने आने पर महिला सिपाही ने उसे सबक सिखाने की ठानी और राजन के खिलाफ कोतवाली में दुष्कर्म की रिपोर्ट दर्ज कराई। कोतवाली पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
सीओ सिटी प्रथम पंकज श्रीवास्तव ने बताया कि आरोपी बेहद शातिर है और लखीमपुर में उसके खिलाफ पहले से ही कुछ मुकदमे दर्ज हैं। उसने कई महिला पुलिसकर्मियों को धोखा दिया है, लेकिन बरेली की महिला सिपाही ने ही एफआईआर दर्ज कराई। आरोपी के मोबाइल में उसकी वर्दी में कई फोटो मिले हैं और जांच में पता चला है कि वह 12 महिला सिपाहियों को धोखा दे चुका है। आरोपी से पूछताछ जारी है।


