CM Yogi : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को मनचलों को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर किसी ने बेटी पर बुरी नजर डाली तो उसे गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। उन्होंने कहा कि अगर किसी ने राह चलते बेटी पर हाथ डाला, तो उसके हाथ और पैर अलग कर दिए जाएंगे। योगी ने यह बातें प्रयागराज के फूलपुर स्थित इफको में स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण रोजगार एवं ऋण वितरण मेला में लोगों को संबोधित करते हुए कहीं।
इस मौके पर, योगी ने लगभग 650 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। रोजगार मेले में करीब 90 कंपनियों ने भाग लिया और 10,000 छात्रों को लैपटॉप और स्मार्टफोन वितरित किए। योगी ने मंच पर बैठकर कुछ छात्रों को स्वयं लैपटॉप और स्मार्टफोन सौंपे। उन्होंने कहा कि हर बेटी और व्यापारी को सुरक्षा प्रदान करना सरकार की जिम्मेदारी है।
ये भी पढ़ें : Kanpur News : सावधान! नमक की फैक्ट्री में हो रहा है ये काम, सामने आई कंपनी की असलियत
योगी ने अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि जिन लोगों ने माफिया के सामने सिर झुका रखा था, वे अब बुलडोजर की बात कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि माफिया की जमीनें कब्जा मुक्त कराकर गरीबों के लिए आवास बनाए गए हैं और दंगाइयों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी। योगी ने यह भी कहा कि पहले महीनों-महीनों तक दंगे होते थे, लेकिन उनकी सरकार में सात सालों में कोई दंगा नहीं हुआ है।
मुख्यमंत्री ने माफिया और दंगाइयों को समाज के कोढ़ बताते हुए कहा कि जब तक इन्हें बाहर नहीं निकाला जाएगा, तब तक ये वर्तमान और भविष्य दोनों को खराब करते रहेंगे। योगी ने कहा कि नौजवानों के साथ खिलवाड़ करने वालों को जेल भेजा जाएगा और समाज के विभिन्न तबकों के लिए सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने 2017 से पहले के समय की तुलना में आज के सम्मान को उल्लेखनीय बताया।


