Haryana Election : लोकप्रिय हरियाणवी गायक कन्हैया मित्तल ने आगामी हरियाणा विधानसभा चुनावों से पहले कांग्रेस पार्टी में शामिल होने की संभावना जताई है। निजी मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, मित्तल ने इस बात की पुष्टि की है कि उन्होंने विधानसभा चुनाव लड़ने की इच्छा जताई है और भारतीय जनता पार्टी की ओर से उन्हें कोई ऑफर नहीं मिला है। साथ ही, उन्होंने खुलासा किया है कि उनका मन कांग्रेस के साथ जुड़ा हुआ है।
कन्हैया मित्तल ने कहा, मेरा मन कांग्रेस से जुड़ रहा है। बात चल रही है और अगर सब कुछ ठीक रहा, तो मैं कांग्रेस में शामिल हो जाऊंगा। जब उनसे कांग्रेस में शामिल होने की बात की गई, तो उन्होंने टिप्पणी की कि “सारे राम विरोधी कांग्रेस में नहीं हैं।”
मित्तल ने कांग्रेस के बारे में उनके पिछले विचारों को स्पष्ट करते हुए कहा, “मैंने ऐसा नहीं कहा था कि कांग्रेस ने राम को आने से रोका। अगर प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह भी राम मंदिर का फैसला लाते, तो मैं उनके लिए भी यही गीत गाता। अब देश के अंदर ऐसा लग रहा है कि हमें कांग्रेस के साथ जाना चाहिए। यूथ को भी यह बात समझनी चाहिए। हम राम को मानते हैं, लेकिन ऐसा तो नहीं है कि सारे राम विरोधी कांग्रेस में ही हैं। वहां भी राम को चाहने वाले लोग हैं और सनातनी लोग हैं।”
अगर कन्हैया मित्तल कांग्रेस में शामिल होते हैं, तो पार्टी की स्टार प्रचारक की लिस्ट को और मजबूती मिलेगी। मित्तल ने अपने मंचों से कई बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सराहना की है, जिससे उनकी कांग्रेस में शामिल होने की संभावना और भी दिलचस्प हो जाती है।


