UP News : अयोध्या के बाद अब गोंडा जिले से एक गंभीर अपराध की घटना सामने आई है। यहां एक दलित लड़की के साथ दो युवकों ने चलती कार में गैंगरेप किया। इस घटना के बाद पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। थाना कोतवाली नगर के प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार पाठक ने बताया कि एक दलित महिला ने दो युवकों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।
महिला का आरोप है कि उन युवकों ने उसकी 17 वर्षीय बेटी को मोबाइल फोन दिलाने का झांसा देकर अपनी कार में बिठा लिया और उसे लेकर सर्कुलर रोड पर एक सुनसान जगह पर ले गए। वहां पर उन्होंने चलती कार में सामूहिक दुष्कर्म किया। पाठक ने बताया कि घटना के दौरान कार अनियंत्रित होकर बिजली के एक खंभे से टकरा गई जिसके बाद आरोपी कार को वहीं छोड़कर फरार हो गए।
ये भी पढ़ें : Kanpur News : एक महीने के अंदर दूसरी ट्रेन साजिश, पायलट की सतर्कता से टला बड़ा हादसा
ये भी देखें : Breaking News : संतों और VHP ने गृह मंत्री Amit Shah से की मुलाकात | Latest news |
रात को किसी तरह घर पहुंची किशोरी ने अपने परिजनों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद रविवार को उसकी मां ने पुलिस में शिकायत की। पुलिस ने मामले की त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों के खिलाफ उचित धाराओं में केस दर्ज किया और देर शाम उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
पीड़िता को चिकित्सीय परीक्षण और अन्य जरूरी कार्यवाही के लिए जिला महिला चिकित्सालय भेजा गया है। प्रारंभिक पूछताछ में पता चला कि आरोपी आरिफ ने अपनी कार अपने दोस्त से उधार ली थी जिसे उसने रिश्तेदार के अंतिम संस्कार के लिए मांगी थी। घटना में प्रयुक्त कार को भी बरामद कर लिया गया है।


