Akhilesh Yadav : समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बृहस्पतिवार को सपा कार्यालय पर आयोजित एक प्रेस वार्ता में भाजपा सरकार और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार हर मुद्दे को छिपाने की कोशिश कर रही है और मुख्यमंत्री के बयानों में भी विरोधाभास देखने को मिल रहा है। यादव ने तंज करते हुए कहा, “जिसे क्रोध आता है, वह योगी कैसे हो सकता है? इसलिए मैं कहता हूं कि हमारे सीएम मठाधीश मुख्यमंत्री हैं।”
वन नेशन, वन इलेक्शन पर सवाल
अखिलेश यादव ने “वन नेशन, वन इलेक्शन” के प्रस्ताव पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने पहले महिला आरक्षण पर भी प्रस्ताव पेश किया था, लेकिन उसे लागू करने में कितनी देर हो रही है। उन्होंने 18,626 पन्नों की रिपोर्ट को 191 दिनों में तैयार करने को लेकर भी संदेह व्यक्त किया, यह दर्शाते हुए कि इस प्रक्रिया में किस प्रकार की चर्चाएँ हुई होंगी। यादव ने कहा, “यह भाजपा का प्रस्ताव है जिसका मकसद ‘वन नेशन, वन इलेक्शन और वन डोनेशन’ है।”
भेड़ियों के हमलों से परेशान जिलों का दौरा
अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) ने उन जिलों का दौरा किया जहां भेड़ियों के हमलों की बढ़ती घटनाओं से लोग परेशान हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के आने के बाद से जानवरों का आतंक बढ़ गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा चुनाव के दौरान जानवरों की समस्या का समाधान करने का दावा करने का हवाला देते हुए यादव ने कहा, “जंगल के आसपास के जिलों में हमले बढ़ गए हैं। अब गीदड़ और भेड़ियों के कारण लोग खौफ में हैं।”
गरीबों के लिए सहायता की मांग
उन्होंने जानवरों के हमले में मारे गए लोगों के परिजनों को 10 लाख रुपये और घायलों को पांच लाख रुपये मुआवजा देने की मांग की। साथ ही, जानवरों की समस्या से निपटने के लिए विशेष टास्क फोर्स (एसटीएफ) बनाने की भी बात कही। उन्होंने यह भी पूछा कि वाइल्ड लाइफ मैनेजमेंट के लिए जारी किए गए अरबों रुपये का क्या हुआ।
ये भी देखें : Delhi News : Atishi होंगी दिल्ली की नई मुख्यमंत्री, Arvind Kejriwal ने नाम आगे रखा
सीएम योगी पर निशाना
अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधते हुए कहा कि वे एकमात्र ऐसे सीएम हैं जिन्होंने अपने ऊपर लगे मुकदमे वापस ले लिए हैं। उन्होंने सवाल किया कि योगी अब तक टॉप टेन माफियाओं की सूची क्यों जारी नहीं कर पाए हैं।


