Monsoon Update : इस बार मानसून की विदाई में देरी हो रही है, और मौसम वैज्ञानिकों का यह पूर्वानुमान सही साबित हो रहा है। मंगलवार को गोरखपुर, महराजगंज, कुशीनगर और आजमगढ़ में झमाझम बारिश हुई, जिससे लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली है। पिछले कुछ दिनों से धूप की तीव्रता के बीच धान की खेती कर रहे किसान बारिश की उम्मीद में आसमान की तरफ देख रहे थे और अब उनकी खुशी लौट आई है।
मौसम वैज्ञानिक एम. दानिश के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बन रहे कम दबाव के क्षेत्र और नए वेदर सिस्टम के प्रभाव से मंगलवार को पूर्वी यूपी में बारिश शुरू हुई है, जो बुधवार के बाद प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी पहुंचेगी। सितंबर का आखिरी सप्ताह खुशनुमा रहने की संभावना है। बुधवार से अगले दो-तीन दिनों में यूपी के विभिन्न इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है, और 27-28 सितंबर को भारी बारिश के भी संकेत हैं।
हालांकि, पश्चिमी यूपी में बारिश की तीव्रता मध्यम रहने की उम्मीद है। इस दौरान पूर्वा हवा भी चलेगी, जिससे लोगों को उमस भरी गर्मी से निजात मिलेगी। राजधानी लखनऊ में मंगलवार को सख्त धूप रही और तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। लेकिन बुधवार से यहां भी छिटपुट बूंदाबांदी का सिलसिला जारी रहेगा।


