Bahraich : बहराइच के कतर्निया घाट वन्य जीव प्रभाग के ककरहा वन रेंज में, धर्मपुर बेझा के मजरे पचासा में कई दिनों से मवेशियों का शिकार कर रहे तेंदुए को गुरुवार रात पिंजरे में कैद कर लिया गया। इसकी जानकारी मिलने पर वन महकमे की गश्त कर रही टीमों ने डीएफओ को सूचित किया। पिछले छह दिनों में तीन आक्रामक तेंदुओं के पिंजरे में कैद होने से ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है।
धर्मपुर बेझा के मजरे पचासा (Bahraich) के आसपास तेंदुआ लगातार आबादी में घुसकर मवेशियों का शिकार कर रहा था। इस पर वन महकमे ने तेंदुए की गतिविधियों का पता लगाने के लिए ट्रेपिंग क्रेज लगाया था। गुरुवार रात लगभग 12:00 बजे, वन विभाग द्वारा लगाए गए पिंजरे में बंधी एक बकरी के शिकार के प्रयास में तेंदुआ फंस गया। इससे पहले, रविवार रात धर्मपुर बेझा के मैकूपुरवा में और बुधवार रात सुजौली के अयोध्यापुरवा में दो अन्य तेंदुए भी पिंजरे में कैद हुए थे।


