Delhi News : दिल्ली के यमुनापार के वेलकम इलाके में एक विचलित कर देने वाली घटना सामने आई है, जिसमें 62 वर्षीय व्यक्ति ने अपने ही पत्नी पर चाकू से हमला कर दिया। इस हिंसक घटना का कारण मात्र दूसरे ब्रांड का आटा मंगवाना बताया जा रहा है।
पीड़िता, 60 वर्षीय चमन आरा, अपने पति हाशिम अली के साथ बाबरपुर में रहती हैं। महिला ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि उनके पति ने घरेलू विवाद के चलते उनके तीनों बेटों को पहले ही घर से निकाल दिया था, और वे दोनों पिछले कुछ महीनों से अकेले रह रहे थे।
पति ने पत्नी को पीटा फिर चाकू से किया हमला
चमन आरा (Delhi News) का आरोप है कि वह अपने बच्चों और रिश्तेदारों से फोन पर बातचीत किया करती थीं, जो उनके पति को पसंद नहीं था। एक हफ्ते पहले, नाराज हाशिम अली ने उनकी मोबाइल फोन भी छीन लिया।
विवाद तब और गहरा गया जब चमन आरा ने अपनी घरेलू सहायिका से आटा मंगवाया, जो उनके पति द्वारा इस्तेमाल किए जा रहे ब्रांड से अलग था। आटे को देखकर हाशिम अली बुरी तरह से भड़क गए और कहने लगे कि यह वह ब्रांड नहीं है जो वह खाते हैं। गुस्से में आकर उन्होंने पहले अपनी पत्नी को डंडे से पीटा और फिर चाकू से उन पर हमला कर दिया।
ये भी देखें : Ladli Bahana Yojana पर बयान देकर बुरे फंसे Sanjay Raut, दर्ज हुई FIR
घायल अवस्था में पीड़िता ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने हाशिम अली के खिलाफ एफआईआर दर्ज की। चमन आरा को अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिया गया और अब उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए आवश्यक कदम उठा रही है।


