Bahraich : बहराइच में सांप्रदायिक हिंसा के दौरान एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई, जिसके बाद कई स्थानों पर हिंसा भड़क गई। इस मामले में मुख्य आरोपी सलमान समेत कई लोगों पर एफआईआर दर्ज की गई है। सूत्रों के अनुसार 20 से 25 लोगों को हिरासत में लिया गया है। पूजा कमेटी ने देर रात तक आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन जारी रखा। आरोपियों को फांसी देने के नारे भी गूंजते रहे।
महराजगंज की घटना के विरोध में बहराइच जिले में स्थिति बिगड़ गई। देर रात तक प्रदर्शन और आगजनी की घटनाएं होती रहीं। पुलिस और प्रशासन बैकफुट पर नजर आए, जिसके बाद डीजीपी की सख्ती के चलते हरदी थाना प्रभारी और महसी चौकी प्रभारी को निलंबित किया गया। पूरे जिले में विरोध बढ़ने से आला अधिकारी भी सकते में आ गए।
गायघाट पर पूजा समितियों ने प्रतिमाओं का विसर्जन रोक दिया और डीएम-एसपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। स्टीलगंज तालाब मार्केट के पास गाड़ियों को आग लगा दी गई। जब दमकल टीम आग बुझाने आई, तो उन पर पथराव किया गया। पुलिस ने लाठी चार्ज कर प्रदर्शनकारियों को खदेड़ने की कोशिश की। डीएम मोनिका रानी मौके पर पहुंचीं, लेकिन उन्हें देख लोग फिर से विरोध में नारेबाजी करने लगे।
ये भी देखें : Ladli Bahana Yojana पर बयान देकर बुरे फंसे Sanjay Raut, दर्ज हुई FIR
महसी तहसील के महराजगंज कस्बे में मूर्ति विसर्जन के दौरान डीजे पर गाने को लेकर विवाद उत्पन्न हुआ। दूसरे समुदाय के युवकों ने गाली-गलौज करते हुए पत्थरबाजी की, जिससे मां दुर्गा की प्रतिमा खंडित हो गई। इसके बाद दूसरे समुदाय ने प्रदर्शन किया, जिसमें एक युवक को गोली मारी गई, जिससे उसकी मौत हो गई। एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हुआ, और अन्य भी घायल हुए। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए छह थानों की पुलिस और पीएसी तैनात की गई है, जबकि एसपी वृंदा शुक्ला समेत अन्य अधिकारी मौके पर मौजूद हैं।


