Muzaffarnagar : दशहरे के त्योहार के बाद से वेस्ट यूपी के शहरों में वायु गुणवत्ता तेजी से बिगड़ती जा रही है। केन्द्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) की ताजा रिपोर्ट के अनुसार, मुजफ्फरनगर देश का सबसे प्रदूषित शहर बन गया है, जहां रविवार शाम को एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) 267 दर्ज किया गया, जो रात होते-होते 307 तक पहुंच गया।
इस प्रदूषण के लिए औद्योगिक इकाइयों, वाहनों के धुएं और निर्माण कार्यों में उठने वाली धूल को जिम्मेदार ठहराया जा रहा है। हवा की गति कम होने से प्रदूषण के कण हवा में ठहरने लगे हैं। इसके अलावा, मेरठ का एक्यूआई भी शाम को 227 और रात को 246 रिकॉर्ड किया गया। गाजियाबाद दूसरे और हापुड़ तीसरे सबसे प्रदूषित शहर रहे।
ये भी देखें : Baba Siddiqui Murder: किसने दिया 24 घंटे में Bishnoi Gang को खत्म करने का ओपन चैलेंज?
रविवार की सुबह से ही मुजफ्फरनगर का एक्यूआई खराब श्रेणी में था, जो 237 दर्ज किया गया। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि दीपावली का त्योहार नजदीक है, जब आतिशबाजी होने से प्रदूषण और बढ़ सकता है। क्षेत्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारी अंकित सिंह ने बताया कि एयर क्वालिटी इंडेक्स को नियंत्रण में लाने के लिए पानी का छिड़काव किया जा रहा है। साथ ही, रात में औद्योगिक इकाइयों की पेट्रोलिंग की जाएगी।
स्थानीय निवासियों (Muzaffarnagar) में इस बढ़ते प्रदूषण के प्रति चिंता बढ़ गई है। यदि स्थिति में सुधार नहीं हुआ, तो दीपावली के दौरान मुजफ्फरनगर की हवा अधिक जहरीली हो सकती है। यह जरूरी हो गया है कि सभी नागरिक प्रदूषण को नियंत्रित करने में सहयोग करें ताकि स्वास्थ्य पर इसके दुष्प्रभावों को कम किया जा सके।


