Bahraich Violence : उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले के महसी तहसील के महाराजगंज इलाके में सोमवार को एक बार फिर हिंसा ने विकराल रूप ले लिया। स्थानीय लोग हाथों में लाठी-डंडे लेकर सड़कों पर उतर आए और उग्र प्रदर्शन करने लगे। हिंसक भीड़ ने इलाके की कई दुकानों और गाड़ियों को आग के हवाले कर दिया। प्रदर्शनकारियों की मांग है कि घटना के आरोपियों का एनकाउंटर किया जाए और उनके घरों पर बुलडोजर चलाया जाए। इसके साथ ही, लोगों ने प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को मौके पर बुलाने की मांग की है।
क्या है पूरा मामला?
रविवार की देर रात को महसी तहसील के महाराजगंज इलाके में मूर्ति विसर्जन के दौरान विवाद शुरू हुआ था। जब एक जुलूस मुस्लिम बहुल इलाके से मूर्ति लेकर गुजर रहा था, तभी बवाल भड़क गया। इस दौरान रामगोपाल मिश्रा नामक युवक को कथित तौर पर दूसरे समुदाय के कुछ लोग खींचकर घर में ले गए और गोली मार दी। रामगोपाल की हाल ही में, तीन महीने पहले ही शादी हुई थी, जिससे परिवार में शोक की लहर दौड़ गई है। रामगोपाल की पत्नी ने आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि उसके पति के हत्यारों को भी गोली मारी जानी चाहिए।
प्रशासन की कार्रवाई
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन ने महसी तहसील में एहतियात के तौर पर इंटरनेट सेवा बंद कर दी है और पुलिस ने इलाके में ड्रोन के जरिए निगरानी शुरू कर दी है। हिंसा के बाद, सीएम योगी आदित्यनाथ ने सख्त निर्देश जारी किए हैं और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की बात कही है। अब तक 20 से अधिक आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है और अन्य फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस जुटी हुई है।
स्थानीय लोगों में भय और तनाव
रविवार रात को हिंसा शांत हो गई थी, लेकिन सोमवार सुबह एक बार फिर से माहौल तनावपूर्ण हो गया, जिससे लोगों में भय और असुरक्षा की भावना उत्पन्न हो गई है। पुलिस लगातार लोगों से शांति बनाए रखने की अपील कर रही है, लेकिन तनाव अब भी कायम है।
ये भी देखें : Baba Siddiqui Murder: किसने दिया 24 घंटे में Bishnoi Gang को खत्म करने का ओपन चैलेंज?


