Deoria : देवरिया पुलिस की तत्परता से शनिवार को एक व्यक्ति की जान बच गई। कार्डियक अरेस्ट से मूर्छित हुए व्यक्ति को यूपी पुलिस ने समय पर सीपीआर देकर बचा लिया। शनिवार की सुबह देवरिया के डायल 112 के प्रभारी उप निरीक्षक विनोद कुमार सिंह पुलिस लाइन के पास टहल रहे थे। इसी दौरान एक स्कूटर पर सवार दो व्यक्ति रुद्रपुर रोड की ओर जा रहे थे।
पुलिस लाइन (Deoria) के नजदीक एक आरओ प्लांट के पास स्कूटर पर पीछे बैठा व्यक्ति अचानक अचेत होकर गिरने लगा। वहां मौजूद लोगों के चिल्लाने पर स्कूटर चालक ने तेजी से रुककर मदद मांगी। पीछे बैठा व्यक्ति मूर्छित होने लगा और उसका सिर स्कूटर के पहिए के करीब आ गया। उप निरीक्षक विनोद कुमार सिंह ने अपने सहयोगी हेड कांस्टेबल मोहम्मद तबरेज और धनुषधारी तिवारी की मदद से व्यक्ति को स्कूटर से उतारकर सड़क पर लिटाया।
ये भी देखें : शराबबंदी की पॉलिसी को Pappu Yadav का बयान कहा, ‘अवैध शराब बनाने वाले को होगी उम्रकैद’
विनोद कुमार सिंह ने लगभग 5 मिनट तक लगातार कार्डियक अरेस्ट से संबंधित सीपीआर दिया जिससे बेहोश व्यक्ति धीरे-धीरे होश में आने लगा। होश में आने पर उस व्यक्ति ने अपना नाम राम आशीष यादव बताया जो लक्ष्मी नारायण मंदिर के पीछे थाना कोतवाली जनपद देवरिया के निवासी हैं। इसके बाद उन्हें मेडिकल कॉलेज भेजा गया जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस द्वारा की गई इस कार्यवाही की स्थानीय लोग सराहना कर रहे हैं।


