Lucknow : यूपी की राजधानी लखनऊ में बीती रात पुलिस एनकाउंटर में एक हिस्ट्रीशीटर अपराधी पकड़ा गया। यह एनकाउंटर भिटौली चौराहे के पास तब हुआ, पुलिस ने बाइक सवारों को रोकने का प्रयास किया। लेकिन उन्होंने पुलिस टीम पर फायर झोंक दिया। जवाबी गोलीबारी में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई। वहीं, उसका साथी भागने में कामयाब रहा।
न्यूज एजेंसी के मुताबिक, एक अपराधी जिस पर दो दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं उसे मंगलवार रात एनकाउंटर के बाद भिटौली चौराहे के पास से गिरफ्तार किया गया। पकड़े गए बदमाश का नाम कमलेश तिवारी है। मामले में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (उत्तर) जितेंद्र कुमार दुबे ने कहा कि एक पुलिस टीम ने जानकीपुरम थाना क्षेत्र में दो संदिग्ध लोगों को दोपहिया वाहन (स्कूटी) पर घूमते देखा।
ये भी पढ़ें : PM Modi Russia Visit : पीएम मोदी का रूस दौरा, 16वें BRICS सम्मेलन में लेंगे भागीदारी
जब उन्होंने उन्हें रोकने की कोशिश की तो उन दोनों ने पुलिस टीम पर गोलियां चला दीं। आत्मरक्षा में पुलिस की जवाबी गोलीबारी में कमलेश तिवारी के बाएं पैर में गोली लग गई। इस दौरान कमलेश के साथ मौजूद दूसरा व्यक्ति भागने में सफल रहा, उसे पकड़ने के प्रयास जारी हैं। लखनऊ के अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (उत्तर) ने बताया कि कमलेश तिवारी के कब्जे से बरामद एक देशी पिस्तौल, जिंदा कारतूस और दोपहिया वाहन जब्त कर लिया गया है।
घायल हालत में अस्पताल ले जाया गया है। हालत खतरे से बाहर है। पुलिस (Lucknow) ने बताया कि एनकाउंटर से एक दिन पहले से कमलेश ने एक महिला से चेन लूटी थी। वहीं, पुलिस ने इस बात पर भी आशंका जताई कि ये बदमाश संभवता फिर से किसी घटना को अंजाम देने जा रहे होंगे, लेकिन इससे पहले उनकी पुलिस से मुठभेड़ हो गई।


