Kanpur News : कानपुर के बैड टच मामले में सस्पेंड फेथफुलगंज चौकी इंचार्ज गजेंद्र सिंह की मुश्किलें अब और बढ़ती जा रही हैं। बुधवार को उनकी पत्नी प्रियांशी चौधरी, अपर पुलिस आयुक्त विपिन कुमार मिश्रा से मिलीं और अपने पति के कथित उत्पीड़न का दर्द बयां किया।
प्रियांशी ने पुलिस अधिकारियों को बताया कि उनके पति का कई लड़कियों से संबंध है और उन्होंने उनकी शादी के तुरंत बाद ही इस बारे में जानकारी हासिल की। प्रियांशी की शादी गजेंद्र सिंह से सितंबर 2023 में हुई थी, और एक महीने के भीतर ही उन्होंने गजेंद्र के चरित्र के बारे में कई चौंकाने वाले खुलासे किए।
उन्होंने कहा शादी के बाद मुझे पता चला कि मेरे पति का चरित्र पहले से ही खराब था। वह फोन पर लड़कियों से लंबी बातें करते थे और मुझसे छुपाते थे। प्रियांशी ने आरोप लगाया कि गजेंद्र ड्यूटी के दौरान महिला दरोगा के साथ भी संबंध रखते थे। विरोध करने पर वह उन पर हिंसा करने और डराने-धमकाने के लिए शारीरिक बल का प्रयोग करते थे।
इस मामले की गंभीरता (Kanpur News) को देखते हुए अपर पुलिस आयुक्त ने जांच के आदेश दिए हैं। प्रियांशी चौधरी, जो हाथरस बार एसोसिएशन के अध्यक्ष वीरेंद्र चौधरी और पूर्व उपाध्यक्ष स्वराज सिंह के साथ पुलिस ऑफिस पहुंचीं, ने पुलिस अधिकारियों से सख्त कार्रवाई की मांग की। प्रियांशी ने कहा मुझे सिर पर पिस्टल रखकर डराया गया और चाकू दिखाकर धमकाया गया। इसलिए मैं चाहती हूं कि चौकी इंचार्ज के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए।


