PM Modi Gujarat Visit : स्पेन के राष्ट्रपति पेड्रो सांचेज ने सोमवार की सुबह गुजरात के वडोदरा में कदम रखा, जहां उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की बातचीत की। यह यात्रा विशेष महत्व रखती है, क्योंकि यह 18 वर्षों में किसी स्पेनिश राष्ट्रपति की पहली भारत यात्रा है। विदेश मंत्रालय ने इस अवसर पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, भारत में आपका स्वागत है।
C295 विमान के फाइनल असेंबली लाइन प्लांट का उद्घाटन
सांचेज और मोदी ने मिलकर वडोदरा में C295 विमान के फाइनल असेंबली लाइन प्लांट का उद्घाटन किया। यह प्लांट टाटा एडवांस्ड सिस्टम्स और एयरबस स्पेन के सहयोग से स्थापित किया गया है और ‘मेक इन इंडिया’ अभियान के तहत एक महत्वपूर्ण पहल है। विदेश मंत्रालय ने इस यात्रा को भारत-स्पेन संबंधों को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए एक अहम कदम बताया है।
वडोदरा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने राष्ट्रपति सांचेज का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि इस प्लांट की स्थापना से भारत में सैन्य विमानों के लिए निजी क्षेत्र की पहली फाइनल असेंबली लाइन स्थापित होगी। C-295 कार्यक्रम के तहत कुल 56 विमान बनने हैं, जिनमें से 16 स्पेन से सीधे एयरबस द्वारा डिलीवर किए जाएंगे और शेष 40 भारत में बनाए जाएंगे।
रोजगार और तकनीकी विकास की संभावनाएं
उद्घाटन समारोह में सांचेज ने कहा, “यह प्लांट न केवल भारत की रक्षा क्षमताओं को आधुनिक बनाने में मदद करेगा, बल्कि तकनीकी विकास को भी बढ़ावा देगा, विशेषकर गुजरात में। यहां हजारों प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष नौकरियां पैदा होंगी और उच्च योग्य इंजीनियरों और तकनीशियनों की एक नई पीढ़ी को प्रशिक्षित किया जाएगा।” उन्होंने भारतीय कंपनियों को स्पेन पर भरोसा करने का आह्वान किया और बताया कि 2026 में भारत में निर्मित पहला C295 वडोदरा के इस संयंत्र में तैयार होगा।
मुंबई दौरे के दौरान व्यापारिक संबंधों पर ध्यान
पेड्रो सांचेज वडोदरा के बाद मुंबई का दौरा भी करेंगे, जहां वे व्यापार और उद्योग जगत के नेताओं, थिंक टैंक और फिल्म उद्योग के लोगों से बातचीत करेंगे। सांचेज स्पेन-इंडिया काउंसिल फाउंडेशन और ऑब्जर्वर रिसर्च फाउंडेशन द्वारा आयोजित चौथे स्पेन इंडिया फोरम को भी संबोधित करेंगे। इस यात्रा के दौरान, दोनों देशों के बीच कई महत्वपूर्ण समझौतों पर हस्ताक्षर होने की उम्मीद है।
ये भी देखें : Prashant Kishore ने बोला Nitish Kumar की सरकार पर हमला कहा, ‘जंगल राज रिटर्न्स’


