Kanpur News : कानपुर में जिम ट्रेनर विमल सोनी द्वारा बिजनेसमैन की पत्नी एकता की हत्या का मामला सामने आने से सनसनी फैल गई है। पुलिस का कहना है कि इस हत्या की योजना में विमल ने फिल्म ‘दृश्यम’ से प्रेरणा ली और हाई-सिक्योरिटी जोन के बीच, डीएम कैंपस में लाश को ठिकाने लगाकर पुलिस को चकमा देने का प्रयास किया।
आखिर क्यों उठाया खतरनाक कदम?
विमल के अनुसार, वह और एकता एक-दूसरे के करीब आ गए थे, और दोनों के बीच एक अफेयर चल रहा था। घटना से कुछ समय पहले विमल की शादी तय हो गई थी, जिससे एकता बेहद नाराज थी। वह आए दिन विमल से झगड़ा करती और धमकी देती कि यदि उसने शादी की तो परिणाम गंभीर होंगे। इस डर और मानसिक तनाव से तंग आकर विमल ने एकता को मारने की योजना बनाई।
विमल ने अपने बयान में बताया कि उसने एकता को नशीला एनर्जी ड्रिंक पिलाया, जिससे वह बेहोश हो गई। इसके बाद, उसने कार में बैठी एकता के साथ मारपीट की, जिससे उसकी मौत हो गई।
डीएम कैंपस में शव को दफनाने की चौंकाने वाली योजना
हत्या के बाद (Kanpur News), विमल ने ऑफिसर्स क्लब के एक सुनसान कोने में 10 फीट गहरा गड्ढा खोदा और उसमें एकता के शव को दफन कर दिया। उसकी योजना थी कि इस हाई-सिक्योरिटी क्षेत्र में किसी को शक भी नहीं होगा। पुलिस का कहना है कि विमल ने इस गड्ढे को धीरे-धीरे कई दिनों तक खोदा और वहां शव को ठिकाने लगा दिया।
इस प्रक्रिया में, वह सुरक्षा कैमरों में दो बार कैद हुआ था। शव को छिपाने के बाद, उसने गड्ढे को भरने के साथ ऊपर से कचरा डाल दिया, ताकि किसी को शक न हो। हत्या के चार महीने बाद, गड्ढे से बदबू आने के कारण एकता का कंकाल वहां से बरामद किया गया।
‘दृश्यम’ फिल्म से प्रेरणा
विमल ने इस हत्या की योजना को सफल बनाने के लिए फिल्म ‘दृश्यम’ 22 बार देखी। उसने सोचा कि हाई-सिक्योरिटी इलाके में लाश को ठिकाने लगाने से किसी को शक नहीं होगा, जैसा कि फिल्म में एक किरदार ने पुलिस स्टेशन के निर्माणाधीन हिस्से में शव को छिपाया था। विमल को यह सुनसान जगह सबसे सुरक्षित ठिकाना लगी, जहां आमतौर पर सिर्फ वह और सफाईकर्मी ही जाते थे।
कड़ी पुलिस जांच और राज का खुलासा
पुलिस के मुताबिक, हत्या के बाद विमल ने एकता का मोबाइल तोड़कर गंगा बैराज में फेंक दिया। इसके साथ ही, उसका जिम बैग भी वहां फेंका। पुलिस को घटनास्थल पर शव दफनाने में इस्तेमाल किए गए फावड़े सहित अन्य सबूत भी मिले हैं। विमल की भाभी ने दावा किया कि वह कई दिनों तक महोबा में उनके घर में छिपा रहा।
पुलिस ने विमल के खिलाफ सबूत इकट्ठा कर, कोर्ट में पेश कर उसे जेल भेज दिया। इस मामले की चार्जशीट जल्द दाखिल कर, फास्ट ट्रैक कोर्ट में मुकदमा चलाने की योजना बनाई जा रही है।
ये भी देखें : Prashant Kishore ने बोला Nitish Kumar की सरकार पर हमला कहा, ‘जंगल राज रिटर्न्स’
घटना के बाद (Kanpur News) विमल का परिवार सदमे में है। उसके परिजनों ने खुद को घर में बंद कर लिया है और बाहर किसी से बातचीत नहीं कर रहे हैं। विमल के पिता राम सेवक रोडवेज विभाग से रिटायर हैं, और उसका परिवार इस घटना से बेहद निराश है। परिवार का कहना है कि विमल ने जो किया, उसका नतीजा उसे भुगतना पड़ेगा।


