Chitrakoot News : चित्रकूट जिले के मऊ थाना क्षेत्र के सखौंहा गांव में सोमवार की सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना घटी। राज कुमार उर्फ भीमसेन निषाद ने अपने पांच वर्षीय बेटे सत्यम की कुल्हाड़ी से वार कर हत्या कर दी और फिर घर में आग लगा दी। बताया जा रहा है कि राज कुमार का मानसिक संतुलन ठीक नहीं था, जिससे उसके घर में अक्सर विवाद होते रहते थे।
ये है पूरा मामला
यह दर्दनाक घटना सोमवार सुबह करीब 3 बजे की है। राज कुमार अपनी पत्नी शिव कुमारी से किसी बात पर विवाद कर रहा था। इसी दौरान उसके चारों बच्चे अनुज, कोमल, कुंती, और सत्यम चारपाई पर सो रहे थे। झगड़े की आवाज सुनकर तीन बच्चे जाग गए, लेकिन सत्यम सोता रह गया। इसी बीच राज कुमार ने अचानक अपने परिवार पर हमला कर दिया, जिससे स्थिति बेहद खतरनाक हो गई।
राज कुमार के पिता नत्थू प्रसाद निषाद, जो पास ही अपने दूसरे बेटे के घर में रह रहे थे, शोर सुनकर मौके पर पहुंचे। उन्होंने अपनी बहू और तीनों बच्चों को किसी तरह सुरक्षित बाहर निकाला, लेकिन सत्यम अंदर ही सोता रह गया। इसके बाद राज कुमार ने सत्यम पर कुल्हाड़ी से वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घर में लगाई आग
हत्या के बाद, राज कुमार ने घर का दरवाजा अंदर से बंद कर ताला लगा लिया और मकान में आग लगा दी। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग इकट्ठा हो गए। सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम घटनास्थल पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया गया। पुलिस ने अंदर छिपे हमलावर पिता राज कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया।
जांच में जुटी पुलिस
घटना की जानकारी मिलते (Chitrakoot News) ही सीओ मऊ जयकरन सिंह और थाना प्रभारी विनोद कुमार राय घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने आरोपी राज कुमार को हिरासत में ले लिया है। मृतक सत्यम के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों के अनुसार, राज कुमार का मानसिक संतुलन सही नहीं था और वह अक्सर घर में झगड़ा करता रहता था।


