UP Bypolls : उत्तर प्रदेश की 9 विधानसभा सीटों पर 13 नवंबर को होने वाले उपचुनाव के लिए बुधवार को पांच उम्मीदवारों ने अपना नामांकन वापस ले लिया। अब कुल 90 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं। नामांकन वापसी के अंतिम दिन, कुंदरकी सीट पर दो निर्दलीय उम्मीदवार (जयवीर सिंह और बृजानंद), मीरापुर (शाह मोहम्मद राणा – निर्दलीय), सीसामऊ (मोहम्मद आफताब शरीफ – राष्ट्रवादी जनतांत्रिक पार्टी), और कटेहरी (कृष्णावती – राष्ट्रीय भागीदारी पार्टी) से एक-एक उम्मीदवार ने अपना नाम वापस लिया।
निर्वाचन आयोग ने 18 अक्टूबर को उपचुनाव की अधिसूचना जारी की थी। नामांकन पत्रों की जांच 28 अक्टूबर को की गई थी, और अंतिम नामांकन वापसी की तिथि 30 अक्टूबर थी। मतदान 13 नवंबर को होगा, जबकि मतगणना 23 नवंबर को होगी। इन सीटों में मिल्कीपुर (अयोध्या) को अदालत में चल रहे मामले के कारण शामिल नहीं किया गया है।
उपचुनाव के लिए जिन सीटों पर मतदान होगा, उनमें कटेहरी (अंबेडकरनगर), करहल (मैनपुरी), मीरापुर (मुजफ्फरनगर), गाजियाबाद, मझवां (मिर्जापुर), सीसामऊ (कानपुर नगर), खैर (अलीगढ़), फूलपुर (प्रयागराज) और कुंदरकी (मुरादाबाद) शामिल हैं। इनमें से अधिकांश सीटें लोकसभा चुनाव में अपने विधायकों के सांसद बनने के कारण खाली हुई हैं, जबकि सीसामऊ सीट पर सपा विधायक इरफान सोलंकी की अयोग्यता के चलते उपचुनाव हो रहा है।
अब तक 149 नामांकन दाखिल हुए थे, जिनमें से 95 वैध पाए गए हैं। चुनाव परिणाम 23 नवंबर को घोषित किए जाएंगे। 2022 के विधानसभा चुनाव में, सीसामऊ, कटेहरी, करहल, मिल्कीपुर और कुंदरकी पर सपा का कब्जा था, जबकि भाजपा ने फूलपुर, गाजियाबाद, मझवां और खैर पर जीत हासिल की थी।
भाजपा ने 9 में से 8 सीटों पर अपने उम्मीदवारों की घोषणा की है, जबकि एक सीट राष्ट्रीय लोक दल (रालोद) के लिए छोड़ी गई है। वहीं, कांग्रेस ने घोषणा की है कि वह इन उपचुनावों में उम्मीदवार नहीं उतारेगी और सपा तथा अन्य ‘इंडिया’ गठबंधन दलों के लिए बिना शर्त सहयोग करेगी।


