UP News : उत्तर प्रदेश में 9 विधानसभा सीटों पर हो रहे उपचुनाव में बीजेपी ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। मुरादाबाद की कुंदरकी विधानसभा सीट पर बीजेपी ने मुस्लिम वोटरों को साधने के लिए यूपी के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक को प्रचार में उतारा है। बृजेश पाठक आज कुंदरकी में अल्पसंख्यक सम्मेलन करेंगे और बीजेपी उम्मीदवार रामवीर सिंह ठाकुर के समर्थन में मुस्लिम समुदाय से वोट की अपील करेंगे।
बीजेपी उम्मीदवार रामवीर सिंह ठाकुर भी मुस्लिम वोटरों को साधने के लिए लगातार कोशिश कर रहे हैं। हाल ही में उन्हें मुस्लिम सभा में जालीदार टोपी और अरबी स्कार्फ पहनकर प्रचार करते हुए देखा गया। रामवीर सिंह के प्रचार में यह नारा भी गूंज रहा है: ना दूरी है ना खाई है, रामवीर हमारा भाई है। कुंदरकी विधानसभा सीट मुस्लिम बहुल मानी जाती है।
यहां करीब 3.95 लाख वोटर हैं, जिनमें 60% यानी करीब 2.4 लाख मुस्लिम वोटर हैं। 1993 के बाद से बीजेपी इस सीट पर जीत दर्ज नहीं कर पाई है। इस बार पार्टी यह इतिहास बदलने की कोशिश कर रही है। यह उपचुनाव समाजवादी पार्टी (सपा) के सांसद जियाउर्रहमान बर्क के इस्तीफे के कारण हो रहा है। कुंदरकी में अब तक कुल 13 विधायक चुने गए हैं, जिनमें से 9 तुर्क मुसलमान रहे हैं।
मौजूदा सपा उम्मीदवार हाजी मोहम्मद रिजवान तुर्क मुसलमान हैं। क्षेत्र में करीब ढाई लाख मुस्लिम वोटरों में से 1 लाख से ज्यादा पसमांदा मुस्लिम हैं, जबकि 50 हजार राजपूत मुस्लिम और 30 हजार तुर्क मुस्लिम हैं। बीजेपी अल्पसंख्यक मोर्चा अध्यक्ष कुंवर बासित अली ने दावा किया कि सपा हमेशा से तुर्क मुस्लिम उम्मीदवार उतारती आई है।
इस वजह से ही बाकी मुस्लिम बिरादरी नाराज है। उनका कहना है कि पसमांदा और अन्य मुस्लिम समुदाय अब बीजेपी को समर्थन दे सकते हैं। पार्टी इसी नाराजगी का फायदा उठाकर रामवीर सिंह ठाकुर को जिताने की रणनीति पर काम कर रही है। बीजेपी की कोशिश इस बार कुंदरकी सीट पर अपना 30 साल का सूखा खत्म करने की है।


